यमकेश्वर। यमकेश्वर ब्लाक के कटघर में हुई कटघर गेंद मेला समिति की बैठक में मकर संक्रांति पर 14 जनवरी को गेंद मेले के आयोजन का निर्णय लिया गया। गेंद उदयपुर और ढांगू पट्टियों के बीच खेली जाएगी। मेले में शराब के सेवन को प्रतिबंधित कर दिया गया है। मीट की दुकानें भी मेले में नहीं लगने दी जाएंगी।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए मेला समिति के अध्यक्ष धर्म सिंह ने बताया कि इस बार के मेले में शराब के सेवन पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। मेले में मीट की दुकानें भी नहीं लगाई जाएगी। जो भी शराब का सेवन करते हुए गेंद मेले में प्रतिभाग करेगा, उससे समिति पांच हजार रुपये का जुर्माना वसूलेगी। मेले में शांति व्यवस्था बनाने के लिए राजस्व पुलिस के साथ ही युवक मंगल दल तथा महिला मंगल दलों के स्वयं सेवी सहयोग देंगे। मेले में महिला मंगल दलों की ओर से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। हर साल की तरह इस साल भी गेंद बनाने का दायित्व सत्यपाल सिंह को सौंपा गया है। बैठक में समिति के उपाध्यक्ष मनिंदर बुटोला, प्रह्लाद सिंह, सत्यपाल सिंह, संगीता देवी, सते सिंह, दीपा देवी, गुड्डी देवी, सीमा देवी, गोविंद सिंह, किशन सिंह समेत युवा मंगल दल और महिला मंगल दल सदस्यों ने हिस्सा लिया।