कोटद्वार। वकील सुशील कुमार रघुवंशी हत्याकांड में चार दिन बाद भी पुलिस हत्यारों का सुराग नहीं लगा पाई है। पुलिस की कई टीमें बाहरी राज्यों में दबिश देकर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है, लेकिन चार दिन बाद भी इस मामले का खुलासा नहीं कर पाई है।
13 सितंबर को वकील सुशील कुमार रघुवंशी की उनके घर के बाहर बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी थी। इसके बाद सुशील ने दम तोड़ने से पहले सरकारी अस्पताल में पुलिस को दिए बयान में आधा दर्जन लोगों के नाम बताए थे। सुशील रघुवंशी की पत्नी रेखा रघुवंशी ने कोतवाली में तहरीर देकर लोगों के खिलाफ नामजद और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। बावजूद इसके पुलिस हत्यारोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। अलबत्ता, पुलिस हत्याकांड में शामिल अपराधियों की तलाश में जुटी हुई है। अपर पुलिस अधीक्षक हरीश वर्मा ने बताया कि पुलिस की दो टीमें हत्याकांड के खुलासे के लिए लगाई गई हैं। इसमें एक टीम कोटद्वार और दूसरी बाहरी क्षेत्रों में दबिश दे रही है।