कोटद्वार। द्वारीखाल ब्लॉक के कांडाखाल में क्षेत्रीय जनता और जनप्रतिनिधियों की बैठक में जनता इंटरमीडिएट कॉलेज कांडाखाल का अभी तक प्रांतीयकरण न होने पर रोष जताया गया। स्थानीय लोगों ने राज्यपाल, मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री को ज्ञापन भेजकर कॉलेज के प्रांतीयकरण की मांग की है।
संघर्ष समिति के संयोजक सत्य प्रसाद कंडवाल ने कहा कि चुनाव को देखते हुए उन्होंने अपना आंदोलन कुछ समय के लिए स्थगित कर दिया था। बाद में नई सरकार के गठन के बाद शासन से शीघ्र ही इस पर कार्रवाई करने का भी उन्हें भरोसा दिया गया था, लेकिन अभी तक इस ओर सरकार ने कोई सकारात्मक पहल नहीं की। इसके चलते स्थानीय जनता में निराशा व्याप्त हो रही है। समिति के अध्यक्ष रतन कंडवाल ने प्रदेश सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि शीघ्र ही सरकार ने इस ओर ठोस कार्रवाई नहीं की तो उन्हें जनांदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। इस संबंध में 16 ग्राम प्रधानों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने राज्यपाल, मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री को पत्र भेजा है।
बैठक में संघर्ष समिति के अध्यक्ष रतन कंडवाल, संयोजक सत्य प्रसाद कंडवाल, अभिभावक संघ के अध्यक्ष दुर्गा प्रसाद कंडवाल, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य मदन मोहन कंडवाल, प्रधान सुंदरपुर वीरेंद्र प्रसाद भट्ट, ग्राम ओडियारी के प्रधान मुनेश्वर दत्त धूलिया, उप प्रधान ग्राम बड़ेथ जगदीश बर्थवाल, धर्मपाल बिष्ट, रामचंद्र गुर्साइं, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रकाश तोमर, विद्यादत्त भट्ट, विशंबर दत्त काला, मान सिंह बिष्ट, मो. इब्राहीम, हीरा सिंह रावत, पूर्व प्रधान रफीक अहमद, सरपंच महावीर प्रसाद भट्ट, सिद्धानंद भट्ट, चंद्र बल्लभ कंडवाल और शुभम कंडवाल मौजूद थे।