कोटद्वार/यमकेश्वर। सावन के पहले सोमवार को कोटद्वार, दुगड्डा, यमकेश्वर, महाबगढ़, लैंसडौन, सतपुली, धुमाकोट स्थित शिवालयों में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिरों में सोमवार तड़के से ही लोगों की कतार लगनी शुरू हो गई थी। पूरे दिन शिवालयों में कीर्तन, भजन और पूजा अर्चना चलती रही। कोटद्वार में श्रीसिद्धबली मंदिर, घराट शिवालय, देवी मंदिर शिवालय, जगदेव मंदिर मवाकोट, श्रीसिद्धबली मंदिर गूलरझाला, लालपानी में जलाभिषेक के लिए लोगों को लंबी कतार लगानी पड़ी। पूरे दिन शिवालय भगवान शंकर के जयकारे से गूंजते रहे।
यमकेश्वर में स्थित शिव मंदिर में भी सावन के पहले सोमवार को लोगों की भीड़ रही। सुबह से ही आसपास के गांवों के लोग जलाभिषेक के लिए मंदिर परिसर में उमड़ने लगे थे। सावन के महीने में यमकेश्वर मंदिर में अपनी मनोकामना पूर्ण करने के लिए दिन-रात धार्मिक अनुष्ठान, हवन और पाठ का आयोजन किया जाता है। यमकेश्वर के शिव मंदिर में देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार से बड़ी संख्या में लोग पूजा, अर्चना और दर्शन के लिए आए। अजमीर पट्टी स्थित प्रसिद्ध महाबगढ़ मंदिर में भी सोमवार को भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए भक्तों का तांता लगा रहा।