कोटद्वार। गाड़ीघाट स्थित जेपी इंटर कालेज में ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) देने के बदले 800 रुपये वसूलने से भड़के स्कूल और एनएसयूआई के छात्रों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ हंगामा काटा। 12वीं के छात्रों ने विद्यालय प्रबंधन पर टीसी के लिए 800 रुपये मांगने और रुपये नहीं देने पर टीसी नहीं देने का आरोप लगाया। उन्होंने बच्चों को पैसे वापस करने की मांग की और मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
शनिवार को एनएसयूआई के जिला उपाध्यक्ष हिमांशु बहुखंडी के नेतृत्व में स्कूल के छात्र और एनएसयूआई के छात्र गाड़ीघाट स्थित उक्त स्कूल में पहुंचे। उन्होंने विद्यालय के प्रधानाचार्य का घेराव करते हुए हंगामा काटा। इस अवसर पर हिमांशु बहुखंडी ने बताया कि गाड़ीघाट स्थित जेपी इंटर कालेज से 12वीं की कक्षा उत्तीर्ण करने वाले छात्र-छात्राओं से टीसी के नाम पर 800 रुपये वसूले जा रहे हैं, जबकि इसकी कोई रसीद छात्र-छात्राओं को नहीं दी जा रही है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पूर्व में एसडीएम कोटद्वार और उप शिक्षा अधिकारी दुगड्डा को मौखिक रूप से शिकायत की गई थी, लेकिन स्कूल के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। छात्रा अंकिता लखेड़ा समेत कई छात्रों ने कहा कि जब वे टीसी लेने पहुंचीं तो विद्यालय प्रबंधन ने उनसे टीसी के बदले 800 सौ रुपये मांगे। छात्र सौरभ रावत व छात्रा दिव्या का कहना है विद्यालय प्रबंधन ने उनसे कहा कि जब तक पैसे नहीं दोगे, तब तक टीसी नहीं दी जाएगी।
उधर, विद्यालय के प्रबंधक केसी कुकरेती ने बताया कि विद्यालय के छात्रों द्वारा सीसीटीवी तोड़ दिए गए थे। इसकी मेंटीनेंस के लिए वे टीसी ले जाने वाले 12वीं के छात्र-छात्राओं से 800 रुपये ले रहे थे। विद्यालय की मेंटीनेंस के लिए जो रुपये लिए गए थे, वे वापस कर दिए जाएंगे।
-फोटो