कोटद्वार। भाजपा ने राष्ट्रवादी चिंतक और प्रेरणास्रोत डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर कोटद्वार में पौड़ी जिले के सदस्यता अभियान का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर जिलेभर में एक लाख लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाने का संकल्प लिया गया।
शनिवार को नजीबाबाद रोड स्थित महाराजा वेडिंग प्वाइंट में आयोजित ‘संगठन पर्व सदस्यता अभियान’ का शुभारंभ भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ज्योति प्रसाद गैरोला, वन एवं पर्यावरण मंत्री डा. हरक सिंह रावत, लैंसडौन के विधायक दिलीप रावत, जिला प्रभारी कैलाश पंत, जिलाध्यक्ष शैलेंद्र बिष्ट, प्रदेश मंत्री राजेंद्र अंथवाल ने किया। उन्होंने डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीन दयाल उपाध्याय और संविधान के रचयिता डा. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। सदस्यता अभियान का शुभारंभ शहीद जसवंत सिंह के सहयोगी रहे पूर्व सैनिक बालकराम बलोधी, जगदीपक रावत, नमो-नमो ग्रुप की प्रदेश अध्यक्ष संगीता सिंह व संयोजिका रीना सिंह के सदस्यता फार्म स्वीकार कर किया गया। बतौर मुख्य अतिथि प्रदेश उपाध्यक्ष ज्योति प्रसाद गैरोला ने कहा कि डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी भारतीय जनता पार्टी के प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने देश की अखंडता को अक्षुण्ण रखने के लिए अपना बलिदान दे दिया। कहा कि भाजपा डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जन्मदिन छह जुलाई से 11 अगस्त तक नए सदस्यों को जोड़ने और पुराने सदस्यों के नवीनीकरण के लिए राष्ट्रीय स्तर पर ‘संगठन पर्व सदस्यता अभियान’ चला रही है। इसमें प्रत्येक बूथ स्तर तक सदस्यता अभियान चलाकर लोगों को पार्टी से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति टोल फ्री नंबर 8980808080 पर मिस कॉल कर और सदस्यता फार्म भरकर सदस्य बन सकता है।
इस मौके पर संचालन जिला सदस्यता प्रमुख राजगौरव नौटियाल, जिला महामंत्री बीरेंद्र रावत, वरिष्ठ भाजपा नेता उमेश त्रिपाठी, भुवनेश खर्कवाल, भाजपा नगर अध्यक्ष सुनील गोयल, कैलाश थलेड़ी, कोटद्वार नगर सदस्यता प्रमुख पंकज भाटिया, भाबर सदस्यता प्रमुख कमल नेगी, विपिन कैंथोला, भाजयुमो जिला अध्यक्ष अमित भारद्वाज, पूर्व पालिका अध्यक्ष शशि नैनवाल व रश्मि राणा आदि मौजूद थे।
-फोटो