जयहरीखाल। लैंसडौन के विधायक दलीप रावत और भारतीय स्टेट बैंक देहरादून के क्षेत्रीय प्रबंधक पारितोष रायजादा ने रोजगार सृजन योजना के तहत महिला उद्यमी की पर्यटन योजना लैंसडौन कॉटेज का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने पौड़ी जिले में पर्यटन की अपार संभावनाएं बताते हुए बेरोजगारों से इस क्षेत्र में स्वरोजगार अपनाने की अपील की।
विधायक दलीप रावत ने कहा कि रोजगार एवं पर्यटन को बढ़ावा देने की पहल में पुरुषों की तरह अब महिलाएं भी आगे आने लगी हैं। प्रदेश सरकार की रोजगार सृजन योजना से प्रेरित होकर लैंसडौन कॉटेज का निर्माण कर महिला उद्यमी संतोषी ढौंडियाल ने स्वरोजगार की पहल की है। एसबीआई के रीजनल मैनेजर पारितोष रायजादा ने कहा कि जयहरीखाल और लैंसडौन पर्यटन के मानचित्र पर अपनी जगह पहले ही बना चुका है। अब इसके आसपास के अन्य क्षेत्रों में बेरोजगार युवाओं को पर्यटन से स्वरोजगार अपनाने की जरूरत है। इस मौके पर शाखा प्रबंधक श्रीकांत नौगाईं, अजय शंकर, ग्राम प्रधान जयहरीखाल हरिमोहन रावत व ग्राम प्रधान सुरमाड़ी धर्मेंद्र नेगी सहित कई लोग मौजूद रहे।