कोटद्वार। भारत स्वाभिमान न्यास की ओर से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित योग सप्ताह के चौथे दिन बालक-बालिकाओं की योगासन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
मंगलवार को सुबह पांच बजे मालवीय उद्यान में आयोजित प्रतियोगिता का गढ़वाल सभा के अध्यक्ष योगंबर सिंह रावत ने शुभारंभ किया। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि राष्ट्रीय योग प्रतियोगिता के विजेता बाल योगी दुर्गेश अमोली ने भजनों की प्रस्तुति के साथ ही साधकों को योगाभ्यास कराया। उन्होंने कठिन अभ्यासों का प्रदर्शन कर साधकों को हैरत में डाला। इसके अलावा गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज कराने वाले कैफ अली खान ने एक मिनट 10 सेकेंड में पैर की उंगलियों से 45 अंगूर खाकर सबको तालियां बजाने को मजबूर किया।
निर्णायकों द्वारा दिए गए अंकों के आधार पर बालिका वर्ग में खुशबू ने प्रथम, महक ने द्वितीय और निष्ठा ने तृृतीय स्थान प्राप्त किया। बालक वर्ग में अर्पित केडियाल ने पहला, राहुल ने दूसरा और सौरभ ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
वरिष्ठ योग प्रशिक्षिका रजनी अग्रवाल ने कहा कि बच्चों को संस्कारवान और निरोगी बनाने के लिए योग को अपने दैनिक जीवन से जोड़ना आवश्यक है। इस अवसर पर भारत स्वाभिमान न्यास के जिला प्रभारी विजय नौटियाल, शकुंतला द्विवेदी, कमलेश बिष्ट, सुनीता बिष्ट, दीपिका, जितेंद्र काला, मनीष घनसेला, विनोद धूलिया, सुशील वर्मा, शशि भूषण अमोली, दामोदर अग्रवाल व सचिन माहेश्वरी आदि उपस्थित थे।
-फोटो
छात्र-छात्राओं को कराया योगाभ्यास
मालिनी वैली कालेज ऑफ एजूकेशन की ओर से योग शिविर का आयोजन
अमर उजाला ब्यूरो
कोटद्वार। मालिनी वैली कालेज ऑफ एजूकेशन की ओर से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में छात्र-छात्राओं को योगाभ्यास कराया गया।
मंगलवार को महाविद्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता डा. प्रभा जोशी ने की। उन्होंने कहा कि यदि व्यक्ति नियमित योग करे तो वह अनेक रोगों से दूर रहकर स्वस्थ जीवन व्यतीत कर सकता है। योग शिविर में लोक गायिका एवं योग शिक्षिका सरोज रावत, मुन्नी थपलियाल, आशा थपलियाल, लता नेगी, बीरा काला व काजल भंडारी ने छात्र-छात्राओं को योगाभ्यास कराए। कार्यक्रम में महाविद्यालय चेयरमैन अजयपाल सिंह रावत ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस और योग से होने वाले फायदों की जानकारी दी गई। इस दौरान आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने योग की विभिन्न क्रियाओं को प्रदर्शित किया। रानी भारद्वाज व आराधना काला ने योग पर लेख प्रस्तुत किए। इस अवसर पर संगीता नेगी, सोमेश प्रताप सिंह, कल्पेश्वरी नेगी, रुचि ढौंडियाल, नीलम बिष्ट, रोशनी बुड़ाकोटी, वीएन मिश्रा, बीना रावत व धीरज सिंह रावत आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन डा. हेमलता नेगी ने किया।
फोटो
रैली निकालकर योग के प्रति किया जागरूक
छावनी परिषद लैंसडौन की ओर से पांच दिवसीय योग शिविर का आयोजन
अमर उजाला ब्यूरो
लैंसडौन। छावनी परिषद लैंसडौन की ओर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में पांच दिवसीय योग शिविर का आयोजन किया गया। इसमें योग शिक्षिका ने लोगों को योग के अनेक आसनों का अभ्यास कराया। इस दौरान छावनी परिषद के अधिकारियों और सामाजिक कार्यों से जुड़े लोगों ने नगर के मुख्य मार्गों पर रैली निकालकर योग के प्रति जागरूक किया।
हिंदू पंचायती धर्मशाला में आयोजित योग शिविर का शुभारंभ प्रशासनिक अधिकारी अनिल बौंठियाल, छावनी सदस्य राजेंद्र राना, कैंट विद्यालय के प्रधानाचार्य भूपाल सिंह, छावनी अस्पताल की प्रभारी डा. मनीषा अग्रवाल ने किया। योग शिक्षिका रमा नैथानी, चंदा करन नेगी ने लोगों को विभिन्न प्रकार के योगासनों का अभ्यास कराया।
-फोटो