दुगड्डा। स्कूल ड्रेस को लेकर सरकारी विद्यालय की छात्राओं से रुपये मांगने का मामला प्रकाश में आया है। नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष दीपक बडोला ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को जीजीआईसी में शिक्षकों द्वारा छात्राओं से स्कूल ड्रेस के लिए रुपये लेने की शिकायत की है।
शिक्षा विभाग की ओर से स्कूल ड्रेस को लेकर विद्यालयों की मनमानी पर अंकुश लगाने के लिए सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के खाते में 600 रुपये डालने का प्रावधान है। ऐसे में बच्चे निर्धारित स्कूल ड्रेस को किसी भी दुकान से खरीद सकते हैं। इसी मामले को लेकर नगर पालिका दुगड्डा के पूर्व अध्यक्ष दीपक बडोला ने जीजीआईसी के प्रबंधन के खिलाफ मुख्य शिक्षा अधिकारी से शिकायत की है। मुख्य शिक्षा अधिकारी को भेजे पत्र में उन्होंने कहा कि गरीब परिवार के बच्चों के स्कूल ड्रेस के लिए सरकार द्वारा उनके बैंक खाते में डाली गई रकम को स्कूल में मंगाया जा रहा है। अभिभावकों के पूछने पर पर विद्यालय प्रबंधन द्वारा स्कूल ड्रेस विद्यालय से ही उपलब्ध होने की बात की जा रही है। उन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
उधर, विद्यालय की प्रधानाचार्य अनीता अग्रवाल ने बताया कि उनके विद्यालय की छात्राओं की स्कूल ड्रेस के लिए विद्यालय के खाते में विभाग द्वारा रकम दी गई थी। उन्होंने टेंडर के माध्यम से स्कूल ड्रेस मंगवाकर सभी छात्राओं को वितरित कर दी है। 14 छात्राओं के खाते में स्कूल ड्रेस के लिए पैसा आने की उन्हें प्रार्थना सभा में जानकारी दी गई थी। हालांकि विभाग की ओर से छात्राओं से स्कूल ड्रेस का पैसा रिकवर करने के कोई निर्देश नहीं आए हैं।
बीईओ एलआर खुगशाल ने बताया कि स्कूल ड्रेस के मामले में उनके पास शिकायत नहीं पहुंची है। शिकायत अथवा अधिकारियों के निर्देश पर मामले की जांच करने के बाद कार्रवाई की जाएगी।