किशनपुर। भाबर के शीतलपुर व लोकमणिपुर के निकट एक बाइक सवार और युवती बाइक समेत पुल से नीचे गिरकर घायल हो गए। युवक को 108 आपातकालीन सेवा की मदद से कोटद्वार बेस अस्पताल जे जाया गया, जबकि उसको मामूली चोटें आई हैं। हादसा गार्डर पुल के फ्लोर को बदलने के दौरान बनी खाली जगह के कारण हुआ। मामले को लोनिवि की लापरवाही बताते हुए क्षेत्रवासियों ने जमकर हंगामा काटा। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दीपक कुमार (27) पुत्र बाबूराम निवासी सारंगवाला, नगीना (उत्तर प्रदेश) यहां भाबर क्षेत्र के मवाकोट में कारपेंटर का कार्य करता है। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे वह निंबूचौड़ निवासी महिला मीनू के साथ हरिद्वार किसी कार्य से जा रहा था। शीतलपुर के निकट बाइक सवार सीधे पुल पर गया और बाइक समेत पुल से नीचे गिर गया। दुर्घटना होते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और उन्होंने इसकी जानकारी कलालघाटी पुलिस और 108 को दी। बाइक सवार को गंभीर चोटें आई हैं, उसे आपातकालीन सेवा की मदद से कोटद्वार बेस अस्पताल ले जाया गया है। क्षेत्रवासियों ने बताया कि लोनिवि द्वारा गार्डर पुल के फ्लोर को हटाकर बदलने का कार्य चल रहा था, जहां पर कोई चेतावनी बोर्ड नहीं लगाया गया है। तेज गति से आ रही बाइक यहां पुल से गुजरते ही नदी में जा गिरी, जिससे हादसा हो गया। स्थानीय लोगों ने लोनिवि की ओर से निर्माण कार्य के दौरान पुल के दोनों ओर चेतावनी बोर्ड नहीं लगाने पर हंगामा काटा।