कोटद्वार। गत 14 मई को काशीरामपुर तल्ला निवासी विवाहिता वर्षा शर्मा की ससुराल में संदिग्ध हालात में मौत के मामले में उसके मायके पक्ष के लोगों ने शुक्रवार को कोतवाली में बाजार चौकी इंचार्ज का घेराव किया। उन्होंने आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मृतका की सास और ससुर को भी गिरफ्तार करने की मांग की है। परिजनों ने पुलिस को तीन दिन का अल्टीमेटम दिया है। कहा कि इसके बाद कोतवाली में धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया जाएगा।
शुक्रवार को महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष रंजना रावत और सिताबपुर की पार्षद गायत्री भट्ट के नेतृत्व में मृतका वर्षा शर्मा के पिता, भाई और क्षेत्रवासी बड़ी संख्या में कोतवाली पहुंचे। कोतवाली में उन्होंने बाजार चौकी इंचार्ज सतेंद्र भंडारी का घेराव किया। आरोप लगाया कि ससुरालियों ने वर्षा का इतना उत्पीड़न किया कि उसे आत्महत्या के लिए मजबूर होना पड़ा। मृतका द्वारा छोड़े गए सुसाइड नोट में भी उनके उत्पीड़न की कहानी अंकित है, इसके बाद भी उसके सास और ससुर की गिरफ्तारी न होना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पहले पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही थी, लेकिन उसे किस बात का इंतजार है।
चौकी प्रभारी सतेंद्र भंडारी ने इस मामले में अब तक हुई जांच की बात प्रदर्शनकारी महिलाओं को बताई। कहा कि कई लोगों के बयान दर्ज हो चुके हैं। जल्द ही मामले में कुछ और गिरफ्तारियां की जाएंगी।
इस अवसर पर मृतका के पिता दर्शन सिंह रावत, भाई राजेश रावत, मंजू जखमोला, बबली देवी, मुन्नी देवी, सरोज पोखरियाल, लक्ष्मी देवी, सरोज रावत, कुसुम रावत, सुनीता पंत, सुमित्रा रावत, आशा बिष्ट व दिनेश कुमार आदि मौजूद थे।
-फोटो