कोटद्वार। गढ़वाल राइफल्स रेजीमेंट सेंटर लैंसडौंन की ओर से 3 जून से यहां कौड़िया स्थित सेना के विक्टोरिया क्रास गबर सिंह कैंप में भर्ती रैली आयोजित होगी। जिसमें प्रदेश के सात जनपदों के प्रत्याशी प्रतिभाग करेंगे। रैली के पहले दिन उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग जनपद के युवाओं की भर्ती होगी।
लैंसडौन के सेना भर्ती अधिकारी कर्नल विनीत वाजपेयी ने बताया कि 3 जून को उत्तरकाशी जनपद के पुरोला, मोरी, राजगढ़ी, डूंडा, चिन्यालीसौड़, भटवाड़ी, बरकोट, बडकोट और जनपद रुद्रप्रयाग के बसुकेदार तहसील के युवाओं की भर्ती होगी। 4 जून को रुद्रप्रयाग जनपद के ऊखीमठ, रुद्रप्रयाग और जखोली तहसील के युवाओं की भर्ती होगी। 5 को टिहरी गढ़वाल के घनसाली, नरेंद्रनगर, देवप्रयाग, जखनीदार, टिहरी, गजा, कंडीसौड, और कंडीसौड़ गजा के युवाओं की भर्ती होगी।
उन्होंने बताया कि 6 जून को टिहरी गढ़वाल की प्रतापनगर, धनौल्टी तहसील और जनपद चमोली के चमोली, जोशीमठ, पोखरी और घाट तहसीलों के युवाओं की भर्ती होगी। 7 जून को चमोली जनपद के कर्णप्रयाग, थराली, जलासू, गैरसैंण, नंद प्रयाग, आदि बद्री, नारायणबगड़ और देवल तहसील के युवाओं की भर्ती होगी। 8 जून को पौड़ी गढ़वाल के पौड़ी, यमकेश्वर और सतपुली तहसील के युवाओं की भर्ती होगी। 9 जून को पौड़ी गढ़वाल के धुमाकोट, थलीसैंण, चाकीसैंण, श्रीनगर, जाखणीखाल, बीरोंखाल, चौबट्टाखाल तहसील के युवाओं की भर्ती होगी। 10 जून को कोटद्वार और लैंसडौंन तहसील के युवाओं की भर्ती होगी। 11 जून को हरिद्वार जनपद के भगवानपुर, रुड़की, हरिद्वार, लक्सर और देहरादून जनपद के चकराता, ऋषिकेश तहसील के युवाओं की भर्ती होगी। 12 जून को देहरादून जनपद के त्यूनी, कालसी, देहरादून, डोईवाला और विकासनगर तहसील के युवाओं की भर्ती होगी।
कर्नल वाजपेयी ने बताया कि सभी अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र ईमेल से उन्हें भेजे गए हैं। भर्ती रैली में प्रवेश पत्र, आधार कार्ड एवं सभी मूल दस्तावेज की तीन फोटो कापियां लेकर सुबह एक बजे रैली स्थल पर आना अनिवार्य है। प्रवेश पत्र और आधार कार्ड के बिना किसी भी अभ्यर्थी को भर्ती रैली में हिस्सा नहीं लेने दिया जाएगा। उन्होंने अभ्यर्थियों से दलालों से सावधान रहने की अपील भी की है।