कोटद्वार। पंचायत चुनावों को देखते हुए कोतवाली पुलिस की ओर से चलाए जा रहे अभियान के दौरान कौड़िया चेक पोस्ट पर एक बुलेरो पिकअप वाहन से शराब का जखीरा बरामद किया गया है। पुलिस ने वाहन से 152 पेटी अंग्रेजी शराब की बरामद की। वाहन में सवार दो लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
बुधवार को कोतवाली में आयोजित पत्रकारवार्ता में अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार राय ने पत्रकारों को बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चेक पोस्टों पर वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है। बुधवार सुबह छह बजे मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर वह खुद, सीओ जेआर जोशी और कोतवाल मनोज रतूड़ी के निर्देशन में टीम का गठन कर कौड़िया चेक पोस्ट पर वाहनों की चेकिंग की गई। इस दौरान नजीबाबाद की ओर से आ रहे एक बुलेरो पिकअप वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान रबर की कतरन के ढेर के बीच में छिपाकर रखी गई 152 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने वाहन में सवार दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में युवकों की पहचान टीपू सुल्तान पुत्र मंजूर आलम निवासी जशोला गांव, सरिता विहार दक्षिण दिल्ली और राजकुमार पुत्र स्व. राम अंजोर निवासी मंगोलपुरी, थाना राजपार्क नॉर्थ वेस्ट दिल्ली के रूप में हुई है।
एएसपी प्रदीप राय ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने शराब को दिल्ली नजफगढ़ से पाबौ पौड़ी क्षेत्र ले जाने की बात कही है। कहा कि आरोपी पूर्व में देश के विभिन्न प्रांतों में शराब की तस्करी करते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मामले में संलिप्त अन्य तस्करों की तलाश की जा रही है। राय ने कहा कि पकड़े गए आरोपियों का रिकार्ड खंगाला जा रहा है। जरूरत पड़ी तो उनके खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की जाएगी।
-फोटो