कोटद्वार। 13 सितंबर 2017 को हुए वकील सुशील रघुवंशी हत्याकांड का खुलासा होने के बाद बार एसोसिएशन और विभिन्न संगठनों की ओर से कोटद्वार तहसील में 273 दिन से चल रहा धरना-प्रदर्शन समाप्त हो गया है। हत्याकांड का खुलासा करने के बाद तहसील पहुंचे एसएसपी दिलीप सिंह कुंवर और एसडीएम मनीष कुमार सिंह ने मृतक की पत्नी से वार्ता कर उन्हें न्याय का भरोसा दिलाया।
रविवार को एसोसिएशन के बैनर तले विभिन्न संगठनों की ओर से कोटद्वार तहसील में धरना-प्रदर्शन किया गया। कोटद्वार कोतवाली में हत्याकांड का खुलासा करने के बाद एसएसपी दिलीप सिंह कुंवर, एसपी प्रदीप रॉय, एसडीएम मनीष कुमार सिंह, सीओ जेआर जोशी तहसील पहुंचे और मृतक वकील की पत्नी रेखा रघुवंशी और अन्य लोगों से धरना-प्रदर्शन समाप्त करने की अपील की। एसएसपी से वार्ता के बाद तहसील में 273 दिन से चल रहा धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया। रविवार को तहसील में धरने पर बैठी मृतक की पत्नी रेखा रघुवंशी, आरटीआई कार्यकर्ता व उत्तराखंड विकास पार्टी के अध्यक्ष मुजीब नैथानी, आशीष किमोठी, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष किशन सिंह पंवार, पूर्व अध्यक्ष ध्यान सिंह नेगी और हुकुुम सिंह ने रघुवंशी हत्याकांड का खुलासा होने पर खुशी जताई। रेखा रघुवंशी ने कहा कि वह पुलिस की जांच पर नजर बनाए हुए हैं। जब तक हत्याकांड और इस षड्यंत्र में सभी को सजा नहीं होती, तब तक वह चैन से नहीं बैठेंगी।