कोटद्वार। भाबर क्षेत्र के अंतर्गत नींबूचौड़-मवाकोट मार्ग पर प्राथमिक विद्यालय घमंडपुर के समीप एक स्कूल वैन और थ्री व्हीलर की टक्कर में तीन लोग घायल हो गए। घायलों का यहां बेस अस्पताल में उपचार कराया गया। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि उक्त स्थान पर आए दिन सड़क हादसे होते रहते हैं। वे कई बार शासन-प्रशासन से स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग करते आ रहे हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
मंगलवार को भाबर क्षेत्र के अंतर्गत नींबूचौड़-मवाकोट मार्ग पर प्राथमिक विद्यालय घमंडपुर के समीप एक स्कूल वैन और थ्री व्हीलर की भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में थ्री व्हीलर में सवार तारा देवी (39) पत्नी प्रेम सिंह निवासी गिंवईस्रोत कोटद्वार, हरि शंकर (40) पुत्र चंद्रमणि, सविता (38) पत्नी दीपक दोनों निवासी गुमखाल घायल हो गए। घायलों को यहां लाकर बेस अस्पताल में उपचार कराया गया। घमंडपुर निवासी सूरज थपलियाल ने बताया कि मार्ग पर स्पीड ब्रेकर नहीं होने के कारण वाहन चालक तेज गति से वाहन चलाते हैं, जिससे यहां पर आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय में पढ़ने वाले कई बच्चे भी वाहन की चपेट में आकर घायल हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासी शासन-प्रशासन और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से यहां पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग करते आ रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने जनहित में स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की है।