कोटद्वार। इंस्टीट्यूट ऑफ हास्पीटेलिटी मैनेजमेंट एंड साइंसेज (आईएचएमएस) की ओर से सीबीएसई 10वीं में 99 प्रतिशत अंक लाकर इंडिया टॉप करने वाली कोटद्वार की बेटी रिमझिम अग्रवाल को सम्मानित किया गया। आरपी पब्लिक स्कूल की छात्रा रिमझिम ने 12वीं परीक्षा में भी टॉप करने का संकल्प दोहराया।
रविवार को बीईएल रोड बलभद्रपुर स्थित संस्थान के सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में आईएचएमएस के प्रधानाचार्य विमल कुमार ने सीबीएसई 10वीं की टॉपर रिमझिम अग्रवाल, उसके प्रधानाचार्य कुंवर अजीत सिंह और उसके परिजनों का स्वागत किया। इसके बाद संस्थान के चेयरमैन जेएस नेगी, एमडी बीएस नेगी और डायरेक्टर एडमिन कर्नल बीएस गुसाईं (सेनि) ने रिमझिम अग्रवाल को प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर संस्थान के एमडी जेएस नेगी ने कहा कि रिमझिम ने अपने परिजनों और विद्यालय ही नहीं, क्षेत्र और राज्य का नाम भी रोशन किया है।
आरपी पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य कुंवर अजीत सिंह ने रिमझिम को प्रतिभावान छात्रा बताया। उन्होंने कहा कि रिमझिम उनके स्कूल में आयोजित सभी प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग कर अव्वल स्थान प्राप्त करती है। उसकी मेहनत और लगन से वह आज इस मुकाम तक पहुंची है। इस अवसर पर रिमझिम के पिता नीरज अग्रवाल व माता अनामिका अग्रवाल के अलावा बड़ी संख्या में संस्थान के शिक्षक और छात्र मौजूद थे।
-फोटोे