कोटद्वार/यमकेश्वर। सावन का आखिरी सोमवार और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर कोटद्वार के मंदिरों में भगवान भोलेनाथ और श्रीकृष्ण के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। लोगों ने भगवान से सुख शांति और समृद्धि की कामना की।
सोमवार को सिद्धपीठ सुखरौ देवी मंदिर, लक्ष्मीनारायण मंदिर, श्री सिद्धबली बाबा मंदिर, बालाजी मंदिर, सिंदूरा देवी मंदिर, संतोषी माता मंदिर, नव दुर्गा मंदिर, गीता भवन, भैरव मंदिर आदि में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर गंगा जल, दूध, फूल, बेलपत्री चढ़ाई। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की सुंदर झांकियों के दर्शन किए।
यमकेश्वर के शिव मंदिर तथा महाबगढ़ स्थित शिव मंदिर में सोमवार सुबह से ही दर्शनों के लिए लोगों की भारी भीड़ लगी रही। लोगों ने शिवलिंग पर जल, दूध, बेलपत्री, फूल आदि चढ़ाया। सुबह से ही यमकेश्वर स्थित शिव मंदिर में आसपास के गांवों के लोगों, ऋषिकेश तथा हरिद्वार से दर्शन के लिए लोगों की भीड़ लगी रही। अंतिम सोमवार होने के कारण मंदिर में लोगों द्वारा यज्ञ व हवन आदि भी करवाए जा रहे थे। उधर, महाबगढ स्थित शिव मंदिर में भी आसपास के गांवों के लोगों के साथ-साथ कोटद्वार व हरिद्वार से भी श्रद्धालुुुओं का आना जारी रहा। इस अवसर पर प्रेमलाल जखमोला ने भंडारे का आयोजन किया, जिसमें लोगों ने बड़ी संख्या में प्रसाद ग्रहण किया।