कोटद्वार। 14 सूत्री मांग पूरी नहीं होने से नाराज तीन वन प्रभागों के दैनिक श्रमिकों ने कार्यबहिष्कार शुरू कर दिया। उन्होंने लैंसडौन वन प्रभाग के डीएफओ कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन कर उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई की मांग की।
मंगलवार को दैनिक श्रमिक संविदा आउटसोर्स श्रमिक संघ के बैनर तले लैंसडौन वन प्रभाग, भूमि संरक्षण वन प्रभाग लैंसडौन और कालागढ़ टाइगर रिजर्व वन प्रभाग के दैनिक संविदा कर्मचारी डीएफओ कार्यालय के समक्ष एकत्र हुए। उन्होंने अपनी न्यूनतम वेतन वृद्धि, समान कार्य समान वेतन सहित 14 सूत्री मांगों के समर्थन में नारेबाजी की और कार्यबहिष्कार कर धरना दिया। वक्ताओं ने वन अधिकारियों पर उनकी उपेक्षा करने का आरोप लगाया। कहा कि न्यायालय के आदेश के बावजूद उन्हें न तो समय पर वेतन दिया जा रहा है और न ही न्यूनतम वेतन वृद्धि की जा रही है। इस अवसर पर मोर्चा के प्रांतीय उपाध्यक्ष राकेश तिवारी, संघ अध्यक्ष चंद्र प्रकाश, उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, रोहित बड़थ्वाल, हेमंत बुडाकोटी, देवेंद्र सिंह, मुकेश, नीरज रावत, राकेश रावत, आनंद, सुनील कुमार, विक्रम सिंह, मिथुन आदि मौजूद थे।