बैजरो। बीरोंखाल ब्लाक की जिवई न्याय पंचायत से जुड़ी दस ग्राम पंचायतों में लगातार बाधित हो रही विद्युत आपूर्ति से परेशान ग्रामीणों ने स्यूंसी विद्युत उपखंड कार्यालय में प्रदर्शन किया। उन्होंने ऊर्जा निगम के अधिकारी का घेराव कर क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति सुचारु करने की मांग की। ऐसा नहीं होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।
सोमवार को जिवई के क्षेत्र पंचायत सदस्य सुरेश रावत के नेतृत्व में ग्राम पंचायत सुकई, कुंड, तोल्यूं, मटेला, बापता, जिवई, बिरगणा व नानस्यूं गांव के ग्रामीण स्यूंसी स्थित ऊर्जा निगम के उपखंड कार्यालय में पहुंचे। उन्होंने ऊर्जा निगम के खिलाफ नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया और कनिष्ठ अभियंता बारू सिंह चौहान को ज्ञापन सौंपा।
इस अवसर पर ग्रामीणों ने ऊर्जा निगम पर उन्हें पर्याप्त बिजली नहीं देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि न्याय पंचायत जिवई में पूर्व में स्यूंसी फीडर से विद्युत आपूर्ति की जाती थी, लेकिन ऊर्जा निगम ने एक माह पूर्व उनको मझगांव फीडर से जोड़ दिया है। इसके चलते दस ग्राम पंचायतों की विद्युत आपूर्ति लगातार बाधित है। लोगों ने कहा कि आजकल बारिश का समय है। गांव में अंधेरा होने से जंगली जानवरों का खतरा बना रहता है। दिन और रात लाइट गुल रहती है। इसके चलते उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने पूर्व की भांति स्यूंसी फीडर से विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की।
इस अवसर पर बैजरों के प्रधान अरविंद सिंह, दीप्ति प्रकाश, विनोद नेगी, जसवंत सिंह, विनोद कुमार, संजय सिंह व लक्ष्मी देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
-फोटो