संपूर्ण लॉकडाउन के 18वें दिन कोटद्वार के संवेदनशील क्षेत्र लकड़ीपड़ाव और आमपड़ाव में प्रशासन द्वारा लगाई गई धारा 144 का लोगों ने जमकर उल्लंघन किया। इस पर पुलिस ने 14 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया।
शनिवार को लॉकडाउन में छूट के दौरान कई लोग बिना आवश्यक वस्तुओं की दुकान खोलकर भीड़ जुटाते देखेे गए तो कई बिना मतलब सड़कों पर घूमकर लॉकडाउन का उल्लंघन करते दिखाई दिए। दुगड्डा में बिना आवश्यकता की अधिकतर दुकानें खुली देखी गई। पुलिस ने ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए बिना मतलब सड़कों पर घूम रहे युवाओं पर लाठियां फटकारीं, वहीं भीड़ का हिस्सा बने लोगों और बिना आवश्यक वस्तुओं की दुकानों को खोलने पर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
एसएसआई प्रदीप नेगी ने बताया कि धारा 144 के उल्लंघन में महमूद अहमद, हाफिज आदिल दोनों निवासी लकड़ीपड़ाव, साहिद खान निवासी राबर्ट कालोनी, जॉनी आमपड़ाव, मो. हाशिम निवासी लकड़ीपड़ाव, शहबाज निवासी लकड़ीपड़ाव और लॉकडाउन के उल्लंघन में प्रिया निवासी सिताबपुर, अनूप सिंह निवासी शिवपुर के खिलाफ लॉकडाउन के उल्लंघन में धारा 188 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि दुगड्डा में बिना आवश्यक वस्तुओं की दुकान खोलने पर प्रदीप कुमार निवासी कमला नेहरू मार्ग, गोवर्धन निवासी सुभाष बाजार, लक्ष्मण गर्ग निवासी मोती बाजार, अनुज अग्रवाल निवासी मोती बाजार, हेमंत कुमार निवासी मोती बाजार और अनूप कुमार निवासी गांधी चौक पर मुकदमा दर्ज किया है।