कोटद्वार। क्षेत्र में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। बुधवार को कोटद्वार क्षेत्र में विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों समेत 14 लोगों पर कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। एक आला अधिकारी के संक्रमित होने के बाद जिला उद्योग केंद्र को तीन दिन के लिए सील कर दिया गया है।
सीएमओ पौड़ी डा. मनोज बहुखंडी ने बताया कि 21 अगस्त को दिल्ली से एक ही परिवार के चार लोग कोटद्वार आए थे। कौड़िया चेकपोस्ट पर उनका कोरोना सैंपल लिया गया था। बुधवार को एम्स ऋषिकेश से आई रिपोर्ट में सभी संक्रमित पाए गए हैं।
21 अगस्त को दिल्ली से आने वाली दुगड्डा क्षेत्र की एक महिला का कौड़िया में सैंपल लिया गया था। वह भी कोरोना संक्रमित पाई गई है। 16 अगस्त को किशनगंज बिहार से कलालघाटी एक श्रमिक आया था। बुधवार को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। 16 अगस्त को एक युवती चंडीगढ़ से गाड़ीघाट आई थी। उसकी रिपोर्ट बुधवार को पॉजिटिव आई है। 15 अगस्त को कोतवाली में तैनात एक कांस्टेबल लखीमपुर से पहुंचा था। बुधवार को वह भी रिपोर्ट मेें संक्रमित पाया गया है। पुलिस कर्मी के संपर्क में आए एक अन्य को आइसोलेट किया गया है। कोटद्वार के गंगा दत्त जोशी मार्ग क्षेत्र में पति पत्नी की तबीयत बिगड़ने पर 16 अगस्त को उनका सैंपल लिया गया था। बुधवार को उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। 15 अगस्त को नगर निगम के एक कर्मचारी को बुखार आने पर उसे आइसोलेट कर सैंपल लिया गया था। बुधवार को वह संक्रमित पाया गया है। 17 अगस्त को एक युवक पुणे महाराष्ट्र से सिमलचौड़ आया था। बुधवार को उसकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। 17 अगस्त को कालाबड़ क्षेत्र के एक व्यक्ति की तबियत खराब होने पर उसे आइसोलेट कर सैंपल लिया गया था। बुधवार को उसकी कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।
इसके अलावा 24 अगस्त को जिला उद्योग केंद्र के एक आला अधिकारी को बुखार की शिकायत पर उनका कौड़िया में रैपिड टेस्ट किया गया, जिसमें उनमें कोरोना की पुष्टि हुई है। इसके बाद उनके सीधे संपर्क में आए सात कर्मचारियों को बेस अस्पताल में आइसोलेट कर उनके सैंपल लिए गए हैं। जिला उद्योग केंद्र को सैनिटाइज कर तीन दिन के लिए सील कर दिया गया है।
-फोटो