कोटद्वार। श्री आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर समिति मालवीय उद्यान के तत्वावधान में बुुधवार को महावीर जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस मौके पर नगर में भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। मंदिर में सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने भजनों की सुंदर प्रस्तुतियां देकर समां बांधा।
बुधवार को श्री आदिनाथ दिगंबर जैन मंदिर समिति मालवीय उद्यान की ओर से महावीर जयंती के मौके पर नगर में शोभा यात्रा निकाली गई। मंदिर परिसर से शुरू हुई शोभा यात्रा बद्रीनाथ मार्ग, झंडाचौक, स्टेशन रोड, लालबत्ती चौराहा होते हुए वापस मंदिर परिसर पहुंची। इससे पूर्व सुबह मंदिर में पूजा का आयोजन हुआ। तदुपरांत मंदिर में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए। सांस्कृतिक प्रतियोगिता में बच्चों ने सुंदर भजनों की प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जन समुदाय का मन मोह लिया। सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में कनक जैन ने प्रथम, पूर्णिमा जैन ने द्वितीय, आर्या जैन से तृृतीय स्थान पाया। जबकि आर्कित जैन को सांत्वना पुरस्कार के लिए चुना गया। समापन पर विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। शोभायात्रा में मंदिर समिति के संयोजक विजय जैन, अध्यक्ष नेमचंद्र जैन, सुशील जैन, विजय जैन, विनोद जैन, अशोक जैन, अलका जैन, ओमप्रकाश जैन, विपिन जैन, रवींद्र जैन, चंदर जैन, नवीन जैन, पवन जैन, विनोद जैन, डीके जैन, संजय, आलोक समेत बड़ी संख्या में जैन समुदाय के लोग मौजूद रहे।