कोटद्वार। राजकीय महाविद्यालय कोटद्वार के परीक्षा परिणाम घोषित न होने और संगीत विभाग में सुविधाएं नहीं मिलने से नाराज छात्रों ने महाविद्यालय के प्राचार्य का घेराव किया। उन्होंने शीघ्र परीक्षा परिणामों की घोषणा और सांस्कृतिक विभाग में वाद्ययंत्र उपलब्ध कराने की मांग की। ऐसा नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
मंगलवार को छात्र संघ सचिव विशाल वर्मा के नेतृत्व में महाविद्यालय के छात्र प्राचार्य के कक्ष में पहुंचे। छात्रों ने महाविद्यालय प्रबंधन पर छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। कहा कि पिछले साल की परीक्षाओं का परिणाम अभी तक घोषित नहीं किया गया है। जिसके कारण छात्र नई कक्षाओं में एडमिशन के लिए शहर से बाहर नहीं जा पा रहे हैं।
छात्रों ने कहा कि फीस के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों का शुल्क भी लिया जाता है, लेकिन कुछ गिने चुने छात्रों को ही इसका लाभ दिया जाता है। उन्हें सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए श्रीनगर ले जाया जाता है, बाकी छात्रों को तैयारी तक नहीं कराई जाती। यही नहीं महाविद्यालय के संगीत विभाग में वाद्य यंत्रों की भारी कमी चल रही है। उन्होंने तत्काल समस्याओं के समाधान की मांग की।
इस अवसर पर छात्र संघ सचिव विशाल वर्मा, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि हिमानी बिष्ट, सह सचिव प्रियंका, मोहित नेगी, हिमांशु बहुखंडी, आशीष केष्टवाल, मुकरलमून अली आदि मौजूद थे।