कोटद्वार। पुलिस पेंशनर्स कल्याण समिति के राज्य स्तरीय सम्मेलन में लोगों ने समाज हित में एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। इस दौरान मुख्य अतिथि कर्नल अजय कोठियाल ने सामाजिक कार्यों के साथ ही अन्य क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया। सम्मेलन में गढ़वाल और कुमाऊं के विभिन्न जिलों के 53 पेंशनर्स ने प्रतिभाग किया।
बलूनी पब्लिक स्कूल में आयोजित सम्मेलन में मुख्य अतिथि कर्नल अजय कोठियाल (सेनि) ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कर्नल कोठियाल ने कहा कि समाज हित में सभी को एकजुट होकर प्रयास करने होंगे। तभी एक सभ्य समाज की स्थापना हो सकेगी। उन्होंने लोगों से समाज सेवा में सहयोग करने का आह्वान किया। इस दौरान गौरया संरक्षण के लिए दिनेश चंद्र कुकरेती, समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए महेंद्र अग्रवाल, गरीब परिवार की कन्याओं के विवाह के लिए दिनेश एलावादी, अनिल भोला, गढ़वाली व्यंजनों को बढ़ावा देने के लिए राजेश खुगशाल, लोक संस्कृति के संरक्षण और संवर्द्धन के लिए सुमित्रा रावत, गरीब बच्चों की शिक्षा के लिए उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सुधा गौड़, महिला योग प्रचार-प्रसार के क्षेत्र में शोभा रावत, योग को घर-घर पहुंचाने के लिए विजय नौटियाल, शिक्षा व रोजगार परक शिक्षा के लिए अभिलाषा भारद्वाज, महिला क्रिकेट को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए पूर्व महिला क्रिकेट खिलाड़ी हेमलता काला, बाल भिक्षा मुक्ति के लिए प्रेरणा अधिकारी को सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय स्तर पर फुटबाल में कोटद्वार और उत्तराखंड का नाम रोशन करने वाली खिलाड़ी हेमा काला और सीबीएसई हाईस्कूल परीक्षा में ऑल इंडिया टॉपर रही रिमझिम अग्रवाल को भी सम्मानित किया गया।
समिति के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद डंडरियाल की अध्यक्षता में आयोजित सम्मेलन में डीके तिवारी, मायाराम शर्मा, विजय चौधरी, आनंद सिंह धामी, एसएस बिष्ट, कृपाल सिंह पटवाल, नरेंद्र सिंह रौतेला, कैलाश चंद्र वर्मा, गोपाल सिंह नेगी, मायाराम शर्मा, कुशलानंद बंगवाल, रमेश चंद्र आदि मौजूद रहे।