कोटद्वार/यमकेश्वर। कोटद्वार में आयोजित तहसील दिवस में पानी, सिंचाई, सड़क और समाज कल्याण से जुड़ी अधिकतर समस्याएं पहुंचीं। लोगों ने अधिकारियों पर तहसील दिवसों पर एसडीएम के समक्ष समाधान के लिए दिए गए आश्वासन पर काम नहीं करने का आरोप लगाया। एसडीएम राकेश तिवारी ने अधिकारियों को गंभीरता के साथ समस्याओं के समाधान करने के निर्देश दिए।
मंगलवार को तहसील सभागार में आयोजित तहसील दिवस में लोगों ने विभिन्न विभागों से संबंधित 36 शिकायतें दर्ज कराईं। एसडीएम ने मौके पर छह समस्याओं का समाधान किया। बाकी के समधान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। समाजसेवी प्रवेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में पहुंचे लोगों ने सूर्य नगर की पुलिया का मामला उठाया। कहा कि पुलिया के सामने मलबा जमा होने के कारण एक बार फिर से कालोनी में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने पुलिया में खामियां बताते हुए उसे तोड़कर नई पुलिया बनाने की मांग की। लोगों ने सिंचाई विभाग पर क्षेत्र की सिंचाई गूलों की सफाई नहीं करने का आरोप लगाया। कहा कि सिंचाई गूलों की सफाई नहीं होने से पानी लोगों के घरों में घुस रहा है। शिवपुर के लोगों ने ओवरहेड टैंक के निर्माण कार्य रुकने की शिकायत की। इसके अलावा लोगों ने पेयजल किल्लत, समाज कल्याण की पेंशन नहीं आने व बीडीओ कार्यालय की शिकायत दर्ज कराई।
उधर, यमकेश्वर में आयोजित तहसील दिवस में मात्र दो शिकायतें दर्ज हुईं। उपजिलाधिकारी के नहीं आने और तहसीलदार का पद रिक्त होने पर वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उमेश चंद्र पांथरी ने लोगों की शिकायतें सुनीं। तहसील दिवस पर ग्राम ढुंगा सकरा निवासी चंद्रमोहन बडोला ने बैंक ऋण भुगतान के संबंध में और ग्राम मलेथा निवासी मोहन सिंह ने पेड़ कटवाने को लेकर शिकायत दर्ज कराई। वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी ने दोनों ही शिकायतों को संबंधित विभागों को भेज दिया।
-फोटो