कोटद्वार। तहसील दिवस में मंगलवार को नगर निगम और जलसंस्थान के अधिकारियों के नहीं पहुंचने पर नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उनका एक दिन का वेतन काटने की संस्तुति की जाएगी। अधिकांश विभागों के अधिकारी भी तहसील दिवस में नहीं पहुंचे और अधीनस्थ कर्मचारियों को भेज दिया। इसके चलते तहसील दिवस में दर्ज 35 शिकायतें में मात्र 10 का निस्तारण हो सका।
तहसील परिसर में सुबह दस बजे तहसील दिवस शुरू हुआ। इससे पहले ही फरियादी पहुंचने शुरू हो गए। एसडीएम राकेश तिवारी और तहसीलदार सीएस रावत की अध्यक्षता में फरियादियों की सुनवाई हुई। फरियादियों ने अपनी समस्याएं एसडीएम के समक्ष रखी। संबंधित विभागों के अधिकारियों के नहीं पहुंचने से फरियादियों को निराश होना पड़ा। एसडीएम ने बताया कि 35 शिकायतों में दस का निस्तारण हुआ। अधिकांश समस्याएं पेंशन संबंधित थीं। शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि नगर निगम और जलसंस्थान के अधिकारियों से जवाब तलब किया गया है। इन विभागों से अधिकारी तो दूर अधीनस्थ कर्मचारी भी नहीं पहुंचा था। अधिकारियों को नोटिस जारी किया गया है। इसके बाद वेतन काटने की संस्तुति की जाएगी।