कोटद्वार। पूर्व विधायक शैलेंद्र सिंह रावत के भाजपा में वापसी की अफवाहों पर आखिरकार शैलेंद्र सिंह रावत को सोमवार को मीडिया के सामने आना पड़ा। पूर्व विधायक ने कहा कि उन्हें राजनीतिक षड्यंत्र का शिकार बनाया जा रहा है। कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाकर उनकी छवि खराब करने की साजिश की है। उन्होंने कहा कि अफवाह फैलाने वाले लोग भाजपा नेताओं से उनकी किसी भी बातचीत को साबित कर दें तो वह खुद राजनीति से संन्यास ले लेंगे।
कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में पूर्व विधायक शैलेंद्र सिंह रावत ने भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में विकास का पहिया ठहर गया है। भाजपाई कोरी बयानबाजी और घोषणाएं कर प्रदेश की जनता को बेवकूफ बना रहे हैं। कांग्रेस सरकार में शुरू की गई योजनाओं का श्रेय ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले नगर निकाय चुनाव में जनता भाजपा को सबक सिखाएगी। उन्होंने कहा कि उनको लेकर भी सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाकर उनकी छवि खराब करने की कोशिश की गई है। शैलेंद्र सिंह रावत को विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं मिला था, इसलिए उन्होंने भाजपा छोड़ दी थी। पूर्व विधायक ने कोटद्वार से नगर निगम चुनाव लड़ने के सवाल पर कहा कि इसका फैसला पार्टी तय करेगी। उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस के सिपाही हैं। पार्टी का जैसा आदेश होगा, उसका पालन करेंगे।प्रेस वार्ता में कांग्रेस जिलाध्यक्ष भुवनेश खर्कवाल और नगर अध्यक्ष संजय मित्तल मौजूद थे।