यमकेश्वर। यमकेश्वर ब्लाक की क्षेत्र पंचायत समिति (बीडीसी) की बृहस्पतिवार को हुई बैठक में शिक्षा, पेयजल, लोक निर्माण विभाग व विद्युत बोर्ड से जुड़ी समस्याएं छाई रहीं। बैठक की अध्यक्षता करते हुए ब्लाक प्रमुख कृष्णा नेगी ने विभागीय अधिकारियों को जनसमस्याओं के निराकरण के लिए तत्परता से काम करने की अपील की।
बैठक में ग्राम प्रधान कस्याली अनिल नेगी ने प्राथमिक विद्यालय कस्याली तथा राजकीय बालिका इंटर कालेज थलनदी में शिक्षक नहीं होने का मामला उठाया। क्षेत्र पंचायत सदस्य सीला महावीर सिंह ने आदर्श विद्यालय ठांगर में शिक्षक न होने की बात कही। क्षेत्र पंचायत सदस्य भादसी धन सिंह राणा ने जीआईसी दीउली में कक्ष निर्माण के वर्ष 2014-15 में 1.50 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिलने के बाद भी कार्य नहीं होने का मामला उठाया। ग्राम प्रधान टोला दिनेश भट्ट ने इंटर कालेज पोखरखाल के प्रांतीयकरण की मांग की। बीडीसी बुकंडी सुदेश जोशी ने कहा कि क्षेत्र के ज्यादातर स्कूलों के शिक्षक कोटद्वार, ऋषिकेश तथा देहरादून से अपडाउन कर रहे हैं, जिससे वे समय पर नहीं पहुंचते।
कृषि प्रभारी यमकेश्वर ओमपाल सिंह ने सदन में कृषि से संबंधित और उद्यान विभाग के विशेषज्ञ डा. रजनीश ने उद्यान विभाग से संबंधित जानकारी सदन को दी। ग्राम प्रधान तोली रविंद्र सिंह ने चीनी तथा मिट्टी का तेल नहीं आने की बात कही। बीडीसी सीला महावीर सिंह ने गैस सब्सिडी के बैक खातों में नहीं आने की शिकायत रखी।
ब्लाक प्रमुख यमकेश्वर कृष्णा नेगी ने तूनखाल-यमकेश्वर मोटर मार्ग की खराब स्थिति के लिए प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अधिकारियों को फटकार लगाई। ग्राम प्रधान जयहरी राजबीर सिंह नेगी ने परिंदा पंपिंग योजना के अंतर्गत ग्राम थनूर तक योजना के विस्तारीकरण की मांग की। ज्येष्ठ उपप्रमुख बिनोद डबराल ने ग्राम बिथ्याणी तथा दमराड़ा में जगली जानवरों के आतंक से निजात दिलाने और बिजली के तारों को ठीक करने की मांग रखी। बैठक में सहायक परियोजना निदेशक पौड़ी सुनील कुमार, जिला पंचायत सदस्य हरि सिंह भंडारी और गीता राणा, नायब तहसीलदार राजेंद्र प्रसाद जखमोला समेत कई अधिकारी मौजूद थे। संचालन बीडीओ राजपाल सिंह नेगी ने किया।