जयहरीखाल। जयहरीखाल ब्लाक के माध्यमिक विद्यालयों की शरदकालीन क्रीड़ा प्रतियोगिता रंगारग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ शुरू हो गई। बच्चों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में दमखम दिखाया।
बुधवार को जीआईसी के खेल के मैदान में आयोजित तीन दिवसीय क्रीड़ा प्रतियोगिता का जयहरीखाल ब्लाक प्रधान संघ के अध्यक्ष हरिमोहन रावत और विधायक प्रतिनिधि धर्मेंद्र नेगी ने संयुक्त रूप से शुभारंभ किया। उन्होंने एनसीसी कैडेटों व प्रतिभागियों की मार्चपास्ट की सलामी भी ली।
इस अवसर पर आयोजित सीनियर बालक कबड्डी में जयहरीखाल ने सारी को 20-19 से हराया। वहीं सीनियर बालिका वर्ग की खो-खो मेें जयहरीखाल ने जीजीआईसी लैंसडोन को पराजित किया। खो-खो जूनियर बालिका वर्ग में कांडई ने बरस्वार को 9-4 से शिकस्त दी। जूनियर बालक वर्ग में खो-खो में काडांखाल ने जयहरीखाल को 9-2 से विजयी रहा। सब जूनियर बालक वर्ग खो-खो में अभिनव विद्यालय जयहरीखाल ने जीआईसी लैंसडौन को परास्त किया। जूनियर बालक वर्ग कबड्डी मेें जयहरीखाल ने बरस्वाल को हराया।
वालीबाल प्रतियोगिता में सीनियर वर्ग में अधारियाखाल ने सारी को 2-0 को सीधे मुकाबले में पराजित किया। वहीं बालिका वर्ग में सौली ने खैरासैंण को पराजित किया। जूनियर वर्ग में कांडाखाल ने बरस्वार को 2-1 से खिताब अपने नाम रखा।
इस अवसर पर क्रीड़ा प्रभारी शिक्षक पूरन सिंह, महेश कुकरेती, युद्धवीर, इंद्रमोहन, भारत सिंह, विनोद विष्ट, बागम्बर सिंह रावत आदि मौजूद थे।