कोटद्वार। डीएवी पब्लिक स्कूल की ओर से स्प्रिट ऑफ आर्ट विषय पर दस दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें कक्षा पांच से कक्षा नौ तक के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। छात्रों ने विभिन्न विषयों पर अपनी बौद्धिक और काल्पनिक क्षमताओं का परिचय दिया।
बलभद्रपुर स्थित विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यशाला का प्रधानाचार्य अशोक कुमार शर्मा ने शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ इस प्रकार की गतिविधियां भी आवश्यक होती हैं। उन्होंने छात्र -छात्राओं से कार्यशाला में सीखे गए आर्ट का सदुपयोग करने की अपील की।
डा. निहारिका अग्रवाल और डा. विपिन कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित स्प्रिट ऑफ आर्ट विषय पर आयोजित कार्यशाला में बच्चों ने प्रकृति चित्रण, लोक कला, आवरण सज्जा, प्रतिस्थापन कला, हस्तलिपि लेखन, दृश्य भ्रमात्मक चित्रण, स्थिर वस्तु चित्रण, क्रियात्मक चित्रण आदि विषयों पर अपने कौशल का प्रदर्शन किया। कार्यशाला के अंतिम दिन बच्चों द्वारा बनाई गई पेंटिंग और विभिन्न प्रकार की कलाओं की प्रदर्शनी लगाई गई। जिसमें स्कूल के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने कला उत्पादों का अवलोकन किया।