कोटद्वार। भारत निर्वाचन आयोग ने प्रदेश के वन एवं पर्यावरण मंत्री व क्षेत्रीय विधायक डा. हरक सिंह रावत को चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में नोटिस जारी किया है। आयोग ने कोटद्वार में आयोजित एक होली मिलन कार्यक्रम के वायरल हुए वीडियो का संज्ञान लेते हुए यह कार्रवाई की है। इसमें सहायक रिटर्निंग अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने वन मंत्री को जारी नोटिस में तीन दिन के भीतर जवाब मांगा है।
सहायक रिटर्निंग अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि कोटद्वार में आयोजित होली मिलन कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनता को संबोधित करते हुए वन मंत्री डा. हरक सिंह रावत ने मोदी जी के हाथों को मजबूत करने का आह्वान किया था। वायरल हुए व्हाट्सअप वीडियो का संज्ञान लेते हुए सहायक रिटर्निंग अधिकारी ने इसे आचार संहिता का उल्लंघन मानते हुए नोटिस जारी किया है। नोटिस में कहा गया है कि होली मिलन कार्यक्रम के इस खर्च को क्यों न पार्टी और प्रत्याशी के खर्च में जोड़ दिया जाए। एआरओ सिंह ने बताया कि शनिवार को यह वायरल वीडियो उन्हें प्राप्त हुआ, जिसके आधार पर चुनाव आचार संहिता उल्लंघन का नोटिस जारी कर दिया गया है।