कोटद्वार। रोटरी क्लब के तत्वावधान में राजकीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही बैडमिंटन प्रतियोगिता के अंतिम दिन विभिन्न वर्गों के फाइनल मुकाबले खेले गए। अंडर-19 एकल वर्ग में कनिष्क गोयल और शगुन अपने वर्गों में विजेता रहे। समापन के अवसर पर विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
राजकीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में रविवार देर शाम तक विभिन्न वर्गो के फाइनल मुकाबले खेले गए। अंडर-17 बालक एकल वर्ग के फाइनल मुकाबले में कनिष्क गोयल ने अनमोल को पराजित किया। जबकि बालक युगल वर्ग के फाइनल में कनिष्क और यश की जोड़ी ने अदनान और अनमोल की जोड़ी को हराया। अंडर-19 बालिका एकल वर्ग में शगुन ने आरुषि कुकरेती को हराया। बालिका युगल वर्ग के फाइनल में शगुन और आरुषि कुकरेती की जोड़ी ने आरुषि और रिद्धिया की जोड़ी को हराया। अंडर-19 बालक एकल वर्ग में कनिष्क गोयल ने अंकित को हराया। बालक युगल वर्ग में कनिष्क और यश की जोड़ी ने गौतम और सूर्यांश की जोड़ी को पराजित किया। ओपन पुरुष युगल में गगन और यश की जोड़ी ने विनोद सिलोड़ी और विजयपाल की जोड़ी को हराया। सुपर वैटर्न युगल में शरत चंद्र गुप्ता और देवेंद्र सिंह रमोला की जोड़ी ने संजीव कुमार अग्रवाल और संजीव कुमार खत्री की जोड़ी को पराजित किया। उभरते खिलाड़ी के पुरस्कार के लिए आदित्य राय, सर्वोत्तम खिलाड़ी का पुरस्कार के लिए अनमोल रावत, शगुन कुकरेती, आरुषि कुकरेती, शुभम कश्यप, संजीव खत्री, शत चंद्र गुप्ता को चुना गया।
निर्णायक मंडल में देवेंद्र सिंह रमोला, नितिन बिष्ट, विनोद सिलोड़ी शामिल रहे। समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि वन एवं पर्यावरण मंत्री डा. हरक सिंह रावत ने बैटमिंटन कोर्ट के लिए विधायक निधि से दस लाख रुपये देने की घोषणा की। इस धनराशि से स्टेडियम में बिजली फिटिंग, सोलर लाइट आदि कार्य करवाए जाएंगे। उन्होंने बैटमिंटन टुर्नामेंट में विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। इस मौके पर रोटरी क्लब के अध्यक्ष संजीव अग्रवाल, उपक्रीड़ाधिकारी जानकी कार्की, पूर्व पालिकाध्यक्ष रश्मि राणा, भुवनेश खर्कवाल, राकेश मित्तल आदि ने विचार रखे। संचालन शरत चंद्र गुप्ता ने किया।
.