कोटद्वार। स्व. शशिधर भट्ट स्मृति राज्य स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता गढ़वाल कप के पांचवें दिन खेले गए दो मुकाबलों में बीईजी रुड़की और हल्द्वानी हॉस्टल ने प्रतिद्वंद्वी टीमों को हराकर अगले चक्र में प्रवेश किया।
प्रतियोगिता का पहला मैच कण्वसिटी यूनाइटेड कोटद्वार और हल्द्वानी हॉस्टल के बीच खेला गया। पहले हाफ में दोनों टीमों में तेज खेल का प्रदर्शन किया। दोनों टीमों ने एक दूसरे के गोलपोस्ट पर आधे दर्जन से अधिक प्रयास किए लेकिन दोनों की मजबूत रक्षा पंक्ति ने गोल नहीं होने दिया। पहले हाफ तक स्कोर जीरो रहा। दूसरे हाफ में हल्द्वानी हॉस्टल की टीम नई रणनीति के साथ मैदान में उतरी और आक्रामक खेल का प्रदर्शन कर कोटद्वार पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। हल्द्वानी की टीम ने कई प्रयास किए, लेकिन कोटद्वार के गोलकीपर ओम शर्मा के बेहतर प्रदर्शन ने उसकी कोशिश को नाकामयाब कर दिया। मैच के अंतिम क्षणों में हल्द्वानी के स्ट्राइकर अनुज रावत के बेहतरीन प्रयास ने हल्द्वानी को एक गोल की निर्णायक बढ़त दिला दी और हल्द्वानी ने मैच 1-0 से जीत लिया।
दूसरा मैच बीईजी रुड़की और गढ़वाल स्पोर्टिंग देहरादून के बीच खेला गया, जिसमें पहले हाफ तक दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर रही। दूसरे हाफ में बीईजी रुड़की का दबदबा रहा। रुड़की के स्ट्राइकर दिगांता ने 60वें मिनट में गोलपोस्ट के दाहिनी छोर से डिफेंडरों को छकाते हुए बेहतरीन गोल दाग दिया। एक गोल की बढ़त मिलते ही बीईजी रुड़की के हौसले बुलंद हो गए। इसके बाद राणा प्रेम नायक ने दूसरा गोल मारकर देहरादून के हौसले पस्त कर दिए। देहरादून की टीम ने मैच में वापसी के प्रयास किए लेकिन रुड़की के डिफेंडरों के सामने उनकी एक नहीं चली। इस प्रकार बीईजी रुड़की ने 2-0 से मैच जीत लिया। मैच के निर्णायक महेंद्र सिंह रावत, प्रदीप नेेगी, एसपी जोशी, शिवा चौधरी और डीएस नेगी थे। मैच का आखों देखा हाल सुरदीप गुसाईं और अनूप जखमोला ने सुनाया।
इस अवसर पर निवर्तमान नगर पालिका अध्यक्ष रश्मि राणा, पूर्व ब्लाक प्रमुख गीता नेगी, अनिल बडोला, गुरुवचन सिंह, भाजपा नेता मोहनलाल बौंठियाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुमन कोटनाला, आयोजन समिति के अध्यक्ष अरुण भट्ट, सुनील रावत, गोपाल जसोला आदि मौजूद थे।