सतपुली। नजीबाबाद-बुआखाल नेशनल हाईवे पर ज्वाल्पा देवी मंदिर के पास बुधवार शाम सवारियों से भरी एक मैक्स के सड़क पर पलटने से उसमें सावर चार लोग घायल हो गए। घायलों को पाटीसैंण अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद कोटद्वार के लिए रेफर कर दिया गया है।
पाटीसैंण पुलिस के अनुसार बुधवार शाम करीब साढ़े छह बजे पौड़ी से कोटद्वार जा रही मैक्स ज्वाल्पा देवी के निकट कोलाबैंड पर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में रूचि पसबोला पत्नी गोपी प्रसाद, निवासी कुंभीचौड़ कोटद्वार, राजीव पुत्र मुसद्दीलाल निवासी सैंजी पाबौ, विनय डबराल पुत्र यूडी डबराल निवासी दुगड्डा, अंकिता पाठक पुत्री एमके पाठक निवासी कालाबड़ कोटद्वार गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पाटीसैंण पुलिस ने घायलों को पाटीसैंण चिकित्सालय पहुंचाया, जहां से चारों घायलों को कोटद्वार अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है।