कोटद्वार। ग्राम पंचायत पदमपुर सुखरौ में पेड़ पर चढ़े अजगर ने क्षेत्र में दहशत फैला दी। वन कर्मियों ने एक घंटे के रेस्क्यू के बाद अजगर को पकड़कर जंगल में छोड़ दिया।
मंगलवार सुबह पदमपुर सुखरो गांव में संतोष सिंह रावत के घर के पास उस समय हड़कंप मच गया जब सुबह सबेरे लोगों ने आम के पेड़ पर चिड़ियों के जोर से चहचहाने की आवाज सुनीं। लोगों ने देखा कि पेड़ पर करीब 12 फीट लंबे अजगर को देखा। पेड़ पर अजगर चढ़ने की खबर पूरेे गांव में फैल गई और देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ लग गई। सूचना मिलते ही रेंज अधिकारी एसपी कंडवाल सांप पकड़ने वाली टीम को लेकर मौके पर पहुंच गए। वन कर्मियों ने पेड़ पर चढ़े अजगर को नीचे उतारने के पहले प्रयास किए, लेकिन वह अपनी जगह से टस-मस नहीं हुआ। इसके बाद वन कर्मियों ने पेेड़ की लॉपिंग की और अजगर को नीचे की ओर खींचकर पेड़ से उतारा। वन कर्मी नरेंद्र सिंह रावत, महेंद्र सिंह, संगीत, राकेश सिंह ने बहादुरी का परिचय देते हुए अजगर को बोरे में बंद कर दिया। रेंज अधिकारी एसपी कंडवाल ने बताया कि अजगर को जंगल में छोड़ दिया गया है।