कोटद्वार। बीईएल रोड पर 12 मार्च को हुई सड़क दुर्घटना के घायल ने एम्स ऋषिकेश में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। परिजनों ने बुधवार को कोतवाली पहुंचकर पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने बताया कि इस मामले में दूसरे घायल के परिजनों की ओर से आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ नामजद तहरीर दी गई है। मामले में कार्रवाई की जा रही है।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि 12 मार्च को बीईएल रोड पर एक ट्रक की टक्कर से घायल बाइक सवार पवन (35) पुत्र हरिनारायण निवासी स्यालीपुर कोटडा थाना बढ़ापुर जिला बिजनौर और सोनू कुमार पुत्र परवीन सिंह निवासी ग्राम सलेमपुर गढ़ी थाना कांठ जनपद मुरादाबाद गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायलों को उपचार के लिए कोटद्वार के बेस अस्पताल में भर्ती कराया था। चिकित्सकों ने पवन की गंभीर हालत को देखते हुए एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया था। पवन की पत्नी विमला ने बताया कि पवन ने 25 मार्च की सुबह एम्स में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। गत दिवस मृतक का गांव में अंतिम संस्कार कर दिया गया। बुधवार को मृतक के परिजनों ने कोटद्वार कोतवाली पहुंचकर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसएसआई प्रदीप नेगी ने बताया कि मामले में दूसरे घायल सोनू के रिश्तेदार की ओर से 13 मार्च को आरोपी ट्रक चालक पर नशे की हालत में ट्रक चलाने और बाइक को टक्कर मारने का आरोप लगाते हुए नामजद तहरीर दी गई थी। तहरीर के आधार पर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कर शुरू कर दी गई है। पुलिस ने पीड़ित परिजनों को आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया, जिसपर परिजन गांव लौट गए।