दुगड्डा। यमकेश्वर की विधायक ऋतु भूषण खंडूड़ी ने बृहस्पतिवार को दुगड्डा में अटल आयुष्मान योजना के तहत गोल्डन कार्ड बनाने के कार्य का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने क्षेत्रीय जनता से योजना का लाभ उठाने की अपील की।
बृहस्पतिवार को सरस्वती विद्या मंदिर दुगड्डा में अटल आयुष्मान योजना का विधिवत शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि विधायक ऋतु भूषण खंडूड़ी ने किया। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से संचालित योजना का लाभ प्रत्येक नागरिक को प्राप्त करना चाहिए। कहा कि योजना के तहत आवेदक को राशन कार्ड में अंकित परिवार के सदस्यों के आधार कार्ड के साथ कैंप में उपस्थित होना होगा। कैंप में तैनात कर्मी परिवार के सभी सदस्यों का डाटा कंप्यूटर में फीड करेंगे। उसके बाद उन्हें कार्ड आवंटित किया जाएगा। कहा कि मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत द्वारा राज्य में लांच की गई योजना का लाभ पंक्ति में खड़े आखिरी व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा। सरकार ने उज्जवला योजना, खुले में शौच मुक्त के लिए प्रत्येक घर में शौचालय के निर्माण की योजना के बाद अब अटल आयुष्मान भारत योजना संचालित की है। एपीएल, बीपीएल, अंत्योदय सभी को योजना का लाभ मिलेगा। इस मौके पर दुगड्डा पर्वतीय मंडल अध्यक्ष सीपी कुकरेती, उपाध्यक्ष शंभू प्रसाद जखमोला, नगर अध्यक्ष बृजमोहन उनियाल, दुगड्डा मंडल अध्यक्ष सौरभ गुप्ता, वरिष्ठ भाजपा नेता राधेश्याम अग्रवाल, चंद्रमोहन गौड़, राजेंद्र प्रसाद नौटियाल, जीजी गौड आदि मौजूद रहे।
.