कोटद्वार। राजकीय महाविद्यालय के बीएड सत्र 2016-18 के तृतीय एवं चतुर्थ सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम घोषित नहीं होने से नाराज बीएड के छात्र-छात्राओं ने प्रभारी प्राचार्य का घेराव किया। साथ ही एक सप्ताह के भीतर परीक्षा परिणाम घोषित करने की मांग की।
बृहस्पतिवार को एबीवीपी छात्र संगठन की अगुवाई में बीएड के छात्र-छात्राएं प्राचार्य कक्ष में पहुंचे। उन्होंने प्रभारी प्राचार्य डा. प्रेमलता कुमारी के समक्ष अपनी समस्या रखी। बीएड छात्रों ने गढ़वाल विवि पर छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने और महाविद्यालय प्रशासन पर उनकी पैरवी नहीं करने का आरोप लगाया। कहा कि बीएड सत्र 2016-18 की चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा अगस्त माह में हो चुकी है, इसके साथ ही वे सभी प्रयोगात्मक परीक्षा भी संपन्न करा चुके हैं। इस समय उत्तराखंड लोक सेवा आयोग में प्रवक्ता और केंद्रीय विद्यालय संगठन में पद विज्ञापित हुए हैं, जिनकी अंतिम तिथि 23 और 25 सितंबर है। साथ ही कई छात्र एमएड में एडमिशन लेना चाहते हैं, लेकिन परीक्षा परिणाम घोषित नहीं होने से वे आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। घेराव करने वालों में शुभम कुमार सुंद्रियाल, गौरव जोशी, पृथ्वी राणा, मंदीप पटवाल, हर्ष कंडारी, अंकुश देवरानी, आशीष कुमार, मीनाक्षी वर्मा, सरजीत, साक्षी, अमित कुुमार आदि मौजूद थे।