कोटद्वार। द्वारीखाल ब्लाक के इंटर कालेज कांडाखाल के प्रांतीयकरण की मांग को लेकर ग्रामीणों का धरना प्रदर्शन जारी रहा। ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार से उनकी मांग पूरी करने की मांग की। ऐसा नहीं होने पर मामले को लेकर हाईकोर्ट जाने की चेतावनी दी।
बृहस्पतिवार को संघर्ष समिति के संरक्षक सिद्वानंद भट्ट के नेतृत्व में क्षेत्र के ग्रामीण कांडाखाल में एकत्र हुए। उन्होंने इंटर कालेज कांडाखाल के प्रांतीयकरण की मांग को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया। इस अवसर पर आयोजित सभा में ग्रामीणों ने बीजेपी सरकार और क्षेत्रीय विधायक पर ग्रामीणों को भ्रमित करने और उनकी उपेक्षा का आरोप लगाया। संघर्ष समिति के संयोजक सत्य प्रसाद कंडवाल ने कहा कि विद्यालय के प्रांतीयकरण के लिए मुख्यमंत्री से दो बार वार्ता और क्षेत्रीय विधायक ऋतु खंडूड़ी से भी उक्त संदर्भ में वार्ता हुई, लेकिन उचित आश्वासन न मिलने पर अब संघर्ष समिति ने हाईकोर्ट जाने का निर्णय लिया है।
इस अवसर पर संघर्ष समिति के अध्यक्ष रतन कंडवाल, सचिव मदन मोहन कंडवाल, बीरेंद्र भट्ट, विद्या भट्ट, महावीर प्रसाद भट्ट, रतन कंडवाल, आसिफ, रफीक अहमद, मो. इकबाल, सुनील बिष्ट, राजेश कुमार मियां, ओम प्रकाश कंडवाल, राम चंद्र भट्ट, रवि कंडवाल, शैलेंद्र मोहन कंडवाल, रामचंद्र गुसाईं व जगदीश बड़थ्वाल आदि उपस्थित थे।