कोटद्वार/लैंसडौन/यमकेश्वर। कोटद्वर में आयोजित तहसील दिवस पर लोगों ने 21 समस्याएं दर्ज कराईं। तहसीलदार सीएस रावत ने चार समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया। शेष समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।
मंगलवार को कोटद्वार तहसील सभागार में आयोजित तहसील दिवस में सभी विभागों की शिकायतें दर्ज की गईं। सबसे अधिक राजस्व विभाग की शिकायतें आईं। इसमें लोगों ने अपने भूमि संबंधी नाम बदले जाने और अवैध कब्जों की शिकायत दर्ज कराई। ध्रुवपुर के ग्रामीणों ने गांव में पेयजल किल्लत को लेकर नाराजगी जताई।
लैंसडौन में आयोजित तहसील दिवस में दर्ज 16 शिकायतों में से 8 का मौके पर ही निस्तारण कर लिया गया। तहसील दिवस पर जिलाधिकारी के नहीं पहुंचने पर लोगों को मायूसी हाथ लगी। उनकी गैर मौजूदगी में एसडीएम लैंसडौन कमलेश मेहता ने दर्ज शिकायतों को सुना। एसडीएम मेहता ने तहसील दिवस से अनुपस्थित विभिन्न विभागों के पांच अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए।
तहसील दिवस में बरस्वार के प्रकाश चंद्र ने कारगिल शहीद अनिल सिंह की याद में बरस्वार मोटर मार्ग का नाम शहीद अनिल के नाम पर करने, व्यापार मंडल अध्यक्ष राजेश ध्यानी ने लैंसडौन से कोटद्वार के लिए रोडवेज की बसोें के संचालन की मांग की।
यमकेश्वर में आयोजित तहसील दिवस में एक मात्र शिकायत दर्ज की गई। क्षेत्र पंचायत सदस्य सीला महावीर सिंह ने आदर्श जूनियर हाईस्कूल ठांगर में विगत एक वर्ष से शिक्षकों की तैनाती नहीं होने की शिकायत दर्ज कराई। इसको तहसीलदार राजेंद्र प्रसाद जखमोला ने शिक्षा विभाग को निस्तारण के लिए भेज दिया।
-फोटो