कोटद्वार। कोटद्वार तहसील में मंगलवार को आयोजित तहसील दिवस महज खानापूर्ति तक सिमटा रहा। इस मौके पर दर्ज कुल 18 शिकायतों में से तीन का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष सभी शिकायतें संबंधित विभागों को त्वरित निस्तारण के निर्देश के साथ भेजी गई हैं।
मंगलवार को तहसील सभागार में तहसीलदार सुनील राज की अध्यक्षता में तहसील दिवस आयोजित किया गया। इसमें राजस्व विभाग से संबंधित चार, समाज कल्याण और थाने से संबंधित तीन-तीन, सिंचाई विभाग से संबंधित दो, जल संस्थान, यूपीसीएल, वन विभाग, नगर निगम और खाद्य आपूर्ति विभाग से संबंधित एक-एक शिकायत दर्ज हुई। बीडीसी सदस्य राजाराम अणथ्वाल ने क्षतिग्रस्त सीसी मार्ग का निर्माण कराने, फेरी वालों और कबाड़ वालों का सत्यापन करने, ग्राम पंचायत बालासौड़ में आपदा से क्षतिग्रस्त गूलों का निर्माण कराने, आबादी के ऊपर से गुजर रही एचटी लाइनों को हटाने, क्षेत्र की नदियों में हो रहे अवैध खनन पर रोक लगाने, नगर निगम क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं, बालासौड़ में गैस एजेंसी द्वारा गैस का वितरण न करने के संबंध में शिकायत दर्ज कराई। लालपानी निवासी धीरज सिंह बिष्ट ने जामुन स्रोत में स्वीकृति के बावजूद सुरक्षा दीवार का निर्माण कार्य शुरू न होने संबंधी शिकायत दर्ज कराई। इस मौके पर दर्ज कुल 18 शिकायतों में से तीन शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। इस मौके पर विभिन्न विभागों के 16 अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
तहसील दिवस पर दर्ज हुई मात्र एक शिकायत
यमकेश्वर। तहसील यमकेश्वर में आयोजित तहसील दिवस में मात्र एक शिकायत दर्ज हुई। मंगलवार को तहसीलदार सुरेश चंद्र डबराल की अध्यक्षता में तहसील दिवस आयोजित किया गया। इस मौके पर ग्राम बघेलगांव निवासी भगत सिंह ने दर्ज शिकायत में कहा कि दुगड्डा-कांडी-लक्ष्मणझूला मोटर मार्ग पर जियो कंपनी द्वारा केबल बिछाने के लिए मोटर मार्ग के किनारे खुदाई की जा रही है। मोटर मार्ग पर जगह जगह मलबा और बडे़ पत्थर पड़े हुए हैं। इससे मोटर मार्ग पर दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
-फोटो