कोटद्वार। वकील सुशील रघुवंशी के हत्यारों को जल्द गिरफ्तार करने, हत्याकांड की जांच के लिए गठित एसआईटी टीम में जिले के बाहर के अधिकारी नियुक्त करने की मांग को लेकर रघुवंशी की पत्नी रेखा और विभिन्न संगठनों का धरना-प्रदर्शन 17वें दिन भी जारी रहा।
बुधवार को रेखा रघुवंशी की अगुवाई में बार एसोसिएशन और उत्तराखंड विकास पार्टी से जुड़े पदाधिकारियों ने तहसील में धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि आगामी 13 सितंबर को वकील सुशील रघुवंशी हत्याकांड को एक साल होने को हैं, लेकिन अब तक पौड़ी पुलिस हत्यारों तक नहीं पहुंच सकी है। उत्तराखंड विकास पार्टी के अध्यक्ष मुजीब नैथानी, आशीष किमोठी, बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष ध्यान सिंह नेगी ने कहा कि सरकार को मृतक वकील के परिजनों की मांग मान लेनी चाहिए। परिजन एसआईटी में जिले के बाहर के अधिकारियों को शामिल कर जांच करने की बात कर रहे हैं, तो यह गंभीर बात है। कहा कि 17 दिन से मृतक की पत्नी और अन्य संगठनों की जुड़े लोग हत्याकांड का खुलासा करने की मांग कर रहे हैं, लेकिन शासन-प्रशासन की ओर से उनकी मांग की अनदेखी की जा रही है। धरना देने वालों में सरस्वती, लीला देवी, दीपिका राणा, सुनीता बिष्ट, सरोजनी, मंजू देवी, विनीता देवी, मीना नेगी, अनुराधा नेगी, गोमती चौहान, मंजू देवी, लक्ष्मी देवी, दिनेश कुमार, बबली बिष्ट आदि शामिल थे।