कोटद्वार। स्व. शशिधर भट्ट स्मृति राज्य स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता गढ़वाल कप के छठे दिन खेले गए सेमीफाइनल मैचों में फुटबाल का रोमांच छाया रहा। गढ़वाल रेजीमेंट लैंसडौन और बीईजी रुड़की फाइनल में पहुंच गई हैं।
शनिवार को राजकीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित गढ़वाल कप का पहला सेमी फाइनल गढ़वाल रेजीमेंट लैंसडौन और हल्द्वानी हॉस्टल के बीच हुआ। खेल के सातवें मिनट में हल्द्वानी को मिले कार्नर किक पर हल्द्वानी के जीशान ने गोल में तब्दील कर मैच में रोमांच भर दिया। इसके बाद गढ़वाल रेजीमेंट ने मैच में बराबरी के लिए जोर लगाया, लेकिन, फस्ट हाफ तक वह गोल नहीं कर पाई।
दूसरे हाफ में गढ़वाल रेजीमेंट ने आक्रमक खेल का प्रदर्शन शुरू कर दिया। टीम के कोच अरुण नेगी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए हल्द्वानी के गोलपोस्ट पर गोल दागकर दर्शकों और खिलाड़ियों में जोश पैदा कर दिया। इसके बाद दोनों टीमों में गोल के लिए जोरदार संघर्ष हुआ, लेकिन मैच के अंतिम छणों में गढ़वाल रेजीमेंट के स्ट्राइकर शुभम रावत ने बेहतरीन गोल करते हुए अपनी टीम को 2-1 से फाइनल में पहुंचा दिया।
दूसरा सेमी फाइनल बीईजी रुड़की और उत्तराखंड पुलिस के बीच खेला गया। इसी बीच पुलिस के खिलाड़ी का हैंडबाल पुलिस पर भारी पड़ गया। रेफरी ने हैंडबाल के फाउल को पेनाल्टी किक में बदल दिया। बीईजी रुड़की के खिलाड़ी नवीन ने पेनाल्टी को गोल में तब्दील कर अपनी टीम को एक गोल की निर्णायक बढ़त दिला दी। इसके बाद उत्तराखंड पुलिस ने मैच में वापसी के बहुत प्रयास किए, लेकिन बीईजी के डिफेंडरों ने पुलिस को छूट नहीं दी। इसके कारण अंतिम समय तक पुलिस एक भी गोल नहीं कर पाई। बीईजी रुड़की ने 1-0 से मैच जीतकर फाइनल में प्रवेश किया। विजेता को 51 हजार रुपये और विजेता ट्रॉफी, जबकि उपविजेता को 31 हजार रुपये और उपविजेता ट्रॉफी दी जाएगी। मैच का आंखों देखा हाल सुरदीप गुसाईं, अनूप जखमोला और मेहरबान सिंह ने सुनाया।
इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि बलूनी क्लासेज की डायरेक्टर अभिलाषा भारद्वाज, आयोजन समिति के अध्यक्ष अरुण भट्ट, अनिल भट्ट, गिरिराज सिंह रावत, देवेश्वरी बिष्ट, नंदी भट्ट, अर्चना शर्मा व उमेश कुमार वर्मा आदि मौजूद थे।
-फोटो