नवोदय क्रांति परिवार भारत की ओर से पंजाब के अमृतसर में दो से चार फरवरी तक आयोजित द्वितीय नेशनल टीचर्स कांफ्रेंस में उत्तराखंड के 11 शिक्षक सम्मानित किए गए। सरकारी विद्यालयों के इन शिक्षकों ने अपने स्तर से तैयार किए विभिन्न विषयों से संबंधित नवाचारों को प्रस्तुत किया। इस कार्यक्रम में 17 राज्यों से लगभग 600 सरकारी शिक्षकों ने प्रतिभाग किया था।
कार्यक्रम में गढ़वाल के राप्रावि कांडा की शिक्षिका लक्ष्मी नैथानी, राप्रावि भग्तोवाली हरिद्वार की शिक्षिका विनीता स्टेनले को गेस्ट ऑफ ऑनर व स्मार्ट गुरु अवार्ड से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में राप्रावि मरगांव कल्जीखाल के शिक्षक सुधीर डोबरियाल ने पहाड़ की विलुप्त होती संस्कृति, बोली, भाषा, परंपरा एवं वाद्ययंत्रों पर नवाचार प्रस्तुत किया। राप्रावि सुखरौ, दुगड्डा के शिक्षक राजीव थपलियाल ने गणितीय शिक्षण के नवाचारों में टीएलएम से संबंधित गणित की सरल विधियां, शिक्षक राकेश लखेड़ा ने अंग्रेजी शिक्षण के नवाचार में अंग्रेजी विषय को आसानी से पढ़ाने के तरीकों को प्रस्तुत किया। पूर्व माध्यमिक विद्यालय पुड़ियाणी, चमोली के भागचंद केशवानी ने अपने स्कूल बैंक एवं स्वच्छता कक्ष, लर्निंग कॉर्नर आदि नवाचारों की प्रस्तुति दी।
राप्रावि कोट तल्ला, अगस्त्यमुनि के सतेंद्र भंडारी ने रोजगार शिक्षा के तहत पौधरोपण, आधुनिक शिक्षा, पर्यावरणीय शिक्षा, प्रोजेक्टर के माध्यम से शिक्षा एवं समाज के साथ कार्य करने संबंधी नवाचारों की प्रस्तुति दी। राप्रावि कोटलमंडला, द्वारीखाल की आशा बुड़ाकोटी ने भाषा एवं गणितीय शिक्षण की सरलतम खेल विधियों को प्रस्तुत किया। रापूमावि गुमखाल, द्वारीखाल की सरिता मैंदोला ने स्थानीय उत्पादन एवं लोक संगीत से अपने नवाचारों की प्रस्तुति दी। राप्रावि दिउसा, द्वारीखाल की अनीता खंतवाल ने छोटे बच्चों के लिए भाषा शिक्षण की गतिविधि प्रस्तुत की। राप्रावि भंवासी की हेमलता खंतवाल ने नवाचार, ड्राइंग, पर्यावरण एवं गणित से संबंधित प्रस्तुति दी। इन शिक्षकों को नेशनल शिक्षक अवार्ड से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड की टीम ने समूह प्रस्तुति के रूप में पारंपरिक मांगल गीत, दैणा हुयां, खोलि का गणेशा हे की शानदार प्रस्तुति दी।