कोटद्वार। ट्रेड यूनियन समन्वय समिति की बैठक में राज्य और केंद्र सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों की आलोचना की गई। समिति से जुड़े विभिन्न घटक संगठनों ने चेताया कि वे श्रम कानूनों से छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं करेंगे। तय हुआ कि मई दिवस पर बुधवार शाम पांच बजे जिलेभर के श्रमिक संगठन और कर्मचारी रैली निकालकर अपनी ताकत का अहसास केंद्र और राज्य सरकार को कराएंगे।
लकड़ी पड़ाव स्थित वन निगम के क्षेत्रीय कार्यालय परिसर में हुई समन्वय समिति की बैठक में कई प्रस्ताव पारित किए गए। प्रमुख रुप से मई दिवस को धूमधाम से मनाने पर चर्चा हुई। तय हुआ कि ट्रेड यूनियन के घटक संघों के प्रतिनिधि अधिक से अधिक संख्या में बुधवार शाम पांच बजे हिंदू पंचायती धर्मशाला कोटद्वार में एकत्र होकर यहां से तहसील तक रैली निकालेंगे। यहां एसडीएम के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार को ज्ञापन भेजे जाएंगे।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए समन्वय समिति के अध्यक्ष जेपी बहुखंडी और महासचिव डीपीएस बिष्ट ने बताया कि समिति अगले चरण में निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ भी सरकार से कार्रवाई की मांग करेगी।
बैठक में वीरेंद्र सिंह रावत, रमेश चंद्र घिल्डियाल, सुनील रावत, हरजीत सिंह, सरदार नरेश सिंह, कु. प्रीति रावत और शालिनी खर्कवाल आदि मौजूूद थे।