कोटद्वार। नवसृजित नगर निगम कोटद्वार की मेयर हेमलता नेगी और 40 पार्षदों ने रविवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। पहली बोर्ड बैठक में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने समेत 20 प्रस्ताव पारित किए गए।
रविवार को मालवीय उद्यान (पश्चिमी)में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में एडीएम पौड़ी रामजी शरण शर्मा ने नवनिर्वाचित मेयर हेमलता नेगी को सुबह 11:27 बजे पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। मेयर पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद हेमलता नेगी ने 40 पार्षदों को पद और उनके दायित्वों के निर्वहन की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद मालवीय पार्क (पूर्वी) में नगर निगम बोर्ड की पहली बैठक हुई। इसमें शहर और निगम में शामिल नए क्षेत्रों के विकास का संकल्प लिया गया। बैठक में काशीरामपुर तल्ला में सरकारी भूमि पर हो रहे अतिक्रमण पर आक्रोश जताते हुए इसे रोकने के लिए ठोस कार्य योजना बनाने समेत 20 प्रस्ताव पारित किए गए। शपथ ग्रहण समारोह में एसडीएम कोटद्वार कमलेश मेहता, तहसीलदार सुनील राज, पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी, कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, सहायक नगर आयुक्त राजेश नैथानी व सुनील कुमार आदि मौजूद रहे।