कोटद्वार। यूथ कांग्रेस व एनएसयूआई कोटद्वार की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ तीन दिवसीय अंतर विद्यालयी वॉलीबाल प्रतियोगिता शुरू हो गई। इसमें पहले दिन बालक वर्ग से एमकेवीएन और बालिका वर्ग से जयभारती और बालभारती ने अपने प्रतिद्वंद्वी टीमों को हराया।
रविवार को राजकीय स्पोर्ट्स स्टेडियम कोटद्वार में आयोजित वॉलीबाल प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी, एमकेवीएन के निदेशक मयंक कोठारी, पूर्व राज्य मंत्री जसवीर राणा ने किया। प्रतियोगिता से पूर्व स्कूल के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
उद्घाटन मैच के बालक वर्ग में बाल विद्या निकेतन ने एमकेवीएन स्कूल को 15-7 और 15-10 से पराजित किया। दूसरा मैच एमकेवीएन और ज्ञान भारती के बीच खेला गया। इसमें एमकेवीएन ने ज्ञान भारती को 15-10 और 15-11 से पराजित किया। बालिका वर्ग के पहले मैच में बाल भारती ने पैराडाइज क्लब को 15-11 और 15-7 से विजय प्राप्त की। दूसरे मैच में जय भारती और एमकेवीएन के बीच जबर्दस्त टक्कर रही। इसमें जय भारती ने 15-12, 12-15 और 15-13 से जीत हासिल की।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस सचिव कृष्णा बहुगुणा, नगर अध्यक्ष संजय मित्तल, बालभारती के प्रधानाचार्य गिरीराज सिंह रावत, उपक्रीड़ाधिकारी जानकी कार्की, रंजना रावत, गीता नेगी, विजय रावत, गौरव ढौंडियाल, वसीम अख्तर, शिवांगी चमोली, हिमानी बिष्ट, प्रियंका पंवार व गौरव काला आदि मौजूद रहे।
-फोटो