कोटद्वार। राजकीय इंटर कालेज कोटद्वार में आयोजित प्रवेशोत्सव में प्रवेश प्राप्त नए बच्चों का स्वागत किया गया। इस दौरान आयोजित प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करने वाले 11 बच्चों को पदक देकर सम्मानित किया गया।
शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अभिभावक संघ के अध्यक्ष महेंद्र अग्रवाल ने कहा कि अप्रैल विद्यालयों में बच्चों के प्रवेश का माह होता है। कार्यक्रम में बच्चों के नए प्रवेश के लिए विभिन प्रकार की प्रतियोगिताएं करवाई गईं। इनमें कक्षा नौ की शशि कुमारी, सीमा व मोहित ने शानदार प्रदर्शन किया और पदक हासिल किए। वहीं जूनियर वर्ग के आठ छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक हासिल किए। प्रभारी प्रधानाध्यापक सुरेंद्र पाल ने कहा कि जीआईसी कोटद्वार में बच्चों को सभी प्रकार की सुविधाएं दी जाती हैं। शिक्षक संतोष नेगी ने बताया कि जनसहयोग से बच्चों को शैक्षिक सामग्री भी वितरित की गई। इसके बाद बच्चों को प्रोजेक्टर पर कार्टून फिल्म भी दिखाई गई। कार्यक्रम में मनमोहन रौतेला, विनोद पंत व सदर सिंह रावत मौजूद रहे।
-फोटो
सरकारी स्कूलों में प्रवेश के लिए निकाली रैली
जीआईसी कण्वघाटी और जीआईसी जयदेवपुर ने चलाया अभियान
अमर उजाला ब्यूरो
किशनपुर (कोटद्वार)। भाबर के जीआईसी कण्वघाटी और जीआईसी जयदेवपुर सिगड्डी के शिक्षकों और छात्रों ने नए शिक्षण सत्र में प्रवेशोत्सव सप्ताह के तहत रैली निकालकर ग्रामीणों को अपने बच्चों का सरकारी स्कूलों में प्रवेश करने के लिए जागरूकता अभियान चलाया।
शुक्रवार को जीआईसी कण्वघाटी में आयोजित प्रवेशोत्सव सप्ताह के तहत संपर्क कार्यक्रम में शिक्षकों ने घर-घर जाकर बच्चों को मिलने वाले राजकीय शिक्षा में प्राप्त शासकीय अनुदान, छात्रवृत्ति, क्रीड़ा और शैक्षिक क्षेत्र में अवसर के बारे में बताया और ग्रामीणों से अपने बच्चों को सरकारी स्कूलों में प्रवेश करने की अपील की। इस अवसर पर उन्होंने विगत वर्षों के मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य सिद्धार्थ रावत, राकेश मोहन ध्यानी, रघुवीर सिंह गुसाईं, राकेश केष्टवाल मौजूद रहे। वहीं जीआईसी जयदेवपुर में जागरूकता अभियान के तहत छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों के नेतृत्व में रैली निकाली। उन्होंने ग्रामीणों से मिलकर उन्हें सरकारी स्कूलों में दी जाने वाली सुविधाओं और बेहतर शिक्षण व्यवस्था के बारे में अवगत करवाया और पंफलेट बांटे। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य भगवान दास, पंकज शर्मा, दीपक गौड़, राजीव शर्मा, दीपक लखेड़ा, सुनील खंतवाल, जया कुकरेती व सुधा शर्मा मौजूद रहे।
-फोटो
सरकारी स्कूलों से मिलने वाली सुविधाएं बताईं
राजकीय बालिका इंटर कालेज कलालघाटी में अभिभावकों की बुलाई बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
कोटद्वार। राजकीय बालिका इंटर कालेज कलालघाटी में प्रवेशोत्सव मनाया गया। इसमें नए सत्र में प्रवेश हुए छात्रों के अभिभावकों की बैठक बुलाई गई। इन दौरान अभिभावकों को छात्रों को सरकारी विद्यालयों से मिलने वाली सुविधाओं के लिए जागरूक किया गया।
शुक्रवार को प्रधानाध्यापक पुष्पा धस्माना ने बैठक में उपस्थित सभी अभिभावकों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति समेत सभी सुविधाएं प्राप्त होती हैं, जिससे वे अच्छी शिक्षा प्राप्त कर उज्जवल भविष्य की ओर अग्रसर होते हैं। इस दौरान शिक्षकों ने अभिभावकों को उनके बच्चों को उच्च शिक्षा प्रदान करने का आश्वासन दिया। विद्यालय की गणित प्रवक्ता सुमनलता ने बताया कि नए सत्र के इन छह दिनों में विद्यालय में 40 बच्चों के नए प्रवेश हुए हैं।
उधर, जीआईसी धोबीघाट में प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं के अभिभावकों से अपील की गई कि वे अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा देने के लिए विद्यालय में प्रवेश कराएं। इस दौरान प्रधानाचार्य लखपत राज खुगशाल और डा. सौरभ मिश्र मौजूद थे।