धुमाकोट। दो दिन से क्षेत्र में हो रही लगातार बारिश के चलते नैनीडांडा ब्लाक क्षेत्र में जनजीवन प्रभावित हो गया है। नदी नाले उफान पर हैं। भारी बारिश के चलते बुधवार को कई विद्यालयों को बंद करके स्कूली बच्चों को वापस घर भेजना पड़ा। वहीं कई सड़कों के क्षतिग्रस्त होने से लोगों का आवागमन में अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बुुधवार को मूसलाधार बारिश के कारण धुमाकोट-कोटद्वार मार्ग पर हल्दूखाल के पास कलमट (स्कवर) ध्वस्त होने से यातायात बाधित हो गया। हल्दूखाल निवासी पूर्व प्रमुख संजय गौड़ ने बताया कि सुबह से मार्ग बाधित होने के कारण धुमाकोट आने वाले और रामनगर जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब पांच घंटे मार्ग बंद रहने के बाद लोक निर्माण विभाग द्वारा मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया गया।
वहीं काशीपुर-बुआखाल हाईवे पर भी धनगढ़ी में नदी के तेज बहाव के कारण यातायात ठप रहा। धुमाकोट-भौन मार्ग पर चिनवाड़ी के निकट मार्ग में मलबा आने से बस आदि वाहनों का संचालन नहीं हो पा रहा है। जड़ाऊखांद-कोचियार-जमणधार लिंक मार्ग कई स्थानों पर मलबा गिरने से बाधित हो गया है। ग्रामीणों द्वारा इसकी सूचना संबंधित विभागों को दी दी गई है।