यमकेश्वर। ब्लाक में मंगलवार रात से हो रही बारिश से मलबा आने पर लक्ष्मणझूला-कांडी मोटर मार्ग छह घंटे बंद रहा। इसके कारण राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बुधवार सुबह करीब पांच बजे मार्ग पर खैरखाल तथा जुलेड़ी के पास पहाड़ी से भूस्खलन के कारण भारी मलबा आ गया। मोटर मार्ग के बाधित होने से ऋषिकेश से यमकेश्वर, कांडी जाने वाले, यमकेश्वर से ऋषिकेश आने वाले लोगों को और नीलकंठ आने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मोटर मार्ग के बाधित होने से ऋषिकेश जाने वाली टैक्सियों को आधे रास्ते से ही वापस आना पड़ा। वहीं लोगों को पांच किमी का सफर पैदल तय करना पड़ा। दिन में 11 बजे लोक निर्माण विभाग ने जेसीबी मशीन लगाकर किसी प्रकार मार्ग को आवाजाही के लिए खुलवाया।
उधर, पीपलकोटी-नीलकंठ मोटर मार्ग भी मौन के समीप मलबा आने से बाधित रहा, जिससे वाहनों की आवाजाही बंद रही। मोटर मार्ग बंद होने से कांवड़ यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।